नई दिल्ली, 18 अक्टूबर (आईएएनएस)। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और उप राष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने दीपावली की पूर्व संध्या पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने अपने बधाई संदेश में कहा, “मैं हर्षोल्लास से भरे त्योहार दीपावली के शुभ अवसर पर सभी देशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। दीपावली अंधकार पर प्रकाश, बुराई पर अच्छाई और अन्याय पर न्याय की जीत का उत्सव मनाने का पर्व है। इस त्योहार पर हम सब मिलकर ऐसे प्रयास शुरू करें, जिनसे जन-जन के जीवन में सुख और समृद्धि का उजाला हो तथा प्रेम और भाईचारे का प्रकाश फैले।”
उन्होंने कहा, “हम सभी स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त तरीकों से दीपावली मनाने का निश्चय लें। साथ ही पूरे देश और समाज को स्वस्थ, समृद्ध और संवेदनशील बनाने का भी संकल्प करें।”
उप राष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने बधाई देते हुए कहा, “दीपावली बुराई पर अच्छाई की विजय का त्यौहार है और हमें भगवान राम के सर्वोच्च गुणों और चरित्र का अनुसरण करने के लिए प्रोत्साहित करता है। इसके साथ ही यह त्यौहार संपत्ति, गरिमा और समृद्धि की अधिष्ठाता देवी लक्ष्मी से भी जुड़ा है। मैं कामना करता हूं कि यह प्रकाशोत्सव हमारे जीवन में शांति, समृद्धि और आनंद का सृजन करें।”
उन्होंने कहा कि यह त्यौहार न सिर्फ भारत में बल्कि पूरे विश्व में जहां भी भारतवंशी रहते हैं, वहां बहुत धूमधाम से मनाया जाता है।
dharmpath.com dharmpath