कटक, 17 मार्च (आईएएनएस)। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने शनिवार को ओडिशा मे आनंद भवन संग्रहालय और अध्ययन केंद्र का लोकार्पण किया। यह पूर्व मुख्यमंत्री बीजू पटनायक का पैतृक आवास रहा है।
राष्ट्रपति राज्य के दो दिवसीय दौरे पर हैं। संग्रहालय के लोकार्पण के मौके पर प्रदेश के राज्यपाल एस. सी. जमीर, बीजू पटनायक के पुत्र और ओडिशा के वर्तमान मुख्यमंत्री नवीन पटनायक व अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।
बीजू पटनायक के योगदान को याद करते राष्ट्रपति ने कहा कि उनकी विरासत राजनीति से ऊपर है और उनके ऊपर न सिर्फ ओडिशा बल्कि देश को भी गर्व है।
उन्होंने कहा कि बीजू पटनायक देश के उन प्रमुख नेताओं में शामिल हैं जिन्होंने नारी सशक्तीकरण की वकालत और कलिंग के लोगों के सम्मान के लिए सब कुछ किया।
कोविंद ने कहा, “बीजू बाबू जब स्टील (इस्पात) मंत्री थे तो उनको दिल्ली में स्टील मैन कहा जाता था।”
उन्होंने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस और बीजू पटनायक दोनों कटक में पैदा हुए और स्वतंत्रता संग्राम में अहम भूमिका निभाई। उनको श्रद्धांजलि देना गर्व की बात है।
कोविंद यहां नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी में तीसरे स्थापना दिवस व्याख्यान देंगे, उसके बाद रविवार को वह पुरी स्थित राष्ट्रीय संस्कृत संस्थान के शताब्दी समारोह को संबोधित करेंगे। इसके बाद राष्ट्रपति भुवनेश्वर में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) के दीक्षांत समारोह में शिरकत करेंगे।
राष्ट्रपति यहां इंस्टीट्यूट ऑफ केमिकल टेक्नोलॉजी व इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन परिसर का भी उद्घाटन करेंगे। दिल्ली लौटने से पूर्व वह यहां कौशल विकास संस्थान की आधारशिला भी रखेंगे।
dharmpath.com dharmpath