नई दिल्ली, 14 अगस्त (आईएएनएस)। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने कोरिया गणराज्य के राष्ट्रीय दिवस (15 अगस्त) की पूर्व संध्या पर वहां की सरकार और नागरिकों को बधाई और शुभकामनाएं दी है।
कोरिया गणराज्य के राष्ट्रपति पार्क ग्यून-हे को अपने संदेश में राष्ट्रपति ने कहा, “भारत सरकार, जनता और अपनी ओर से आपको और कोरिया गणराज्य की सरकार तथा जनता को आपके राष्ट्रीय दिवस के अवसर पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देते हुए मुझे काफी हर्ष हो रहा है।”
उन्होंने कहा, “हमारे दोनों देशों के नागरिक हमारी सांस्कृतिक और सभ्यतागत जड़ों से गहराई से जुड़े हुए हैं, जो सदियों से पनपे हैं। आज के दौर में हमारे पुराने संबंध साझा लोकतांत्रिक विचारों और मूल्यों, कानून के नियम, विविधता के सम्मान और पारदर्शी प्रणाली के माध्यम से काफी मजबूत हुए हैं।”
प्रणब ने कहा, “हम संबंधित क्षेत्रों एवं विश्व में शांति, समृद्धि विकास के हित में काम कर रहे हैं। यह साझा दृष्टिकोण हमारे विशेष रणनीतिक भागीदारी की रूपरेखा के सहयोग में कई संभावनाओं का प्रस्ताव देता है। इस अवसर पर आपके अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाली के साथ ही कोरिया गणराज्य की दोस्ताना जनता की प्रगति और खुशहाली के लिए अपनी ओर से शुभकामनाएं देते हुए मुझे प्रसन्नता हो रही है।”
dharmpath.com dharmpath