राष्ट्रपति ने चित्रा मुद्गल सहित 12 हिंदी सेवियों को किया सम्मानित (फोटो सहित)

नई दिल्ली, 30 मई (आईएएनएस)। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने मंगलवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक समारोह में जानीमानी कथाकार चित्रा मुद्गल सहित 12 शख्सियतों को हिंदी सेवी सम्मान प्रदान किए।

समारोह में केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावड़ेकर व अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

हिंदी सेवी सम्मान की शुरुआत आगरा स्थित केंद्रीय हिंदी संस्थान द्वारा वर्ष 1989 में की गई थी। हिंदी भाषा और साहित्य के क्षेत्र में विद्वानों को उनके योगदान के लिए 12 विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार दिए जाते हैं।

पुरस्कृत विद्वानों को प्रशस्तिपत्र, दुशाला और पांच लाख रुपये नकद दिए जाते हैं।

हिंदी सेवी सम्मान के तहत गंगाशरण सिंह पुरस्कार प्रो. एस. शेषारत्नम, डॉ. एम. गोविंदराजन, प्रो. हरमहिंदर सिंह बेदी, प्रो. एच. सुवदनी देवी को दिया गया।

गणेश शंकर विद्यार्थी पुरस्कार : नेशनल बुक ट्रस्ट के अध्यक्ष बल्देव भाई शर्मा और टीवी पत्रकार राहुल देव को, आत्माराम पुरस्कार डॉ. गिरीश चंद्र सक्सेना और डॉ. फणि भूषण दास को दिया गया।

सुब्रह्मण्य भारतीय पुरस्कार प्रो. सूर्य प्रसाद दीक्षित और कथाकार चंद्रकांता को तथा महापंडित राहुल सांकृत्यायन पुरस्कार कथा लेखिका चित्रा मुद्गल व दलित साहित्य के क्षेत्र में नामचीन हस्ती डॉ. जयप्रकाश कर्दम को दिया गया।

इसी क्र में डॉ. जॉर्ज ग्रियर्सन पुरस्कार प्रो. फुजिइ ताकेशि (जापान), प्रो. गब्रिएला निक इलिएवा (अमेरिका) को और पद्मभूषण डा. मोटूरि सत्यनारायण पुरस्कार डॉ. पुष्पिता अवस्थी (नीदरलैंड्स) व डॉ. पद्मेश गुप्त (ब्रिटेन) को दिया गया।

सरदार वल्लभ भाई पटेल पुरस्कार प्रो. बी.आर. छीपा, दयाप्रकाश सिन्हा को, स्वामी विवेकानंद पुरस्कार श्रीधर पराडकर व डॉ. श्रीरंजन सूरिदेव को तथा पंडित मदन मोहन मालवीय पुरस्कार प्रो. नित्यानंद पांडेय व जगदीश प्रसाद सिंघल को दिया गया। राजर्षि पुरुषोत्तम दास टंडन पुरस्कार प्रो. शिवदत्त शर्मा और प्रो. अशोक कुमार शर्मा के हाथ आया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493