राष्ट्रपति ने मॉरीशस के स्वतंत्रता दिवस पर दी बधाई

नई दिल्ली, 11 मार्च (आईएएनएस)। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने मॉरीशस के 48वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर मॉरीशस की सरकार एवं वहां के लोगों को अपनी शुभकामनाएं दी।

मॉरीशस की राष्ट्रपति डॉ.अमीना गुरीब-फाकिम को भेजे अपने संदेश में राष्ट्रपति ने कहा, “भारत की सरकार, भारत के लोगों एवं अपनी तरफ से मैं आपको और मॉरीशस के लोगों को मॉरीशस के स्वतंत्रता दिवस (12 मार्च, 2016) की 48वीं वर्षगांठ के अवसर पर हार्दिक बधाइयां एवं शुभकामनाएं देता हूं।”

उन्होंने कहा कि 12 मार्च की तारीख हमारे दोनों देशों के राजनीतिक संघर्ष के इतिहास में उल्लेखनीय है। यह स्वतंत्रता, समानता एवं भाईचारे के लोकतांत्रिक सिद्धांतों के प्रति हमारी साझा प्रतिबद्धता की प्रतीक है।

राष्ट्रपति ने कहा कि भारत और मॉरीशस के बीच आपसी रिश्तों के ऐतिहासिक बंधन एवं साझा सांस्कृतिक विरासत पर आधारित दीर्घकालिक और विशिष्ट संबंध है। इस अवधि के दौरान की गई महत्वपूर्ण प्रतिबद्धताओं एवं फैसलों ने हमारे सहयोग में नई ऊर्जा का संचार किया है तथा हमारे घनिष्ठ संबंध को और अधिक मजबूत बनाया है।

राष्ट्रपति ने कहा, “मैं दिसंबर, 2015 में आपकी भारत यात्रा और हमारे बीच हुए स्पष्ट एवं सार्थक विचार-विमर्शो का स्मरण करता हूं, जिनका हमारे असाधारण एवं अनूठे द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ाने में भी योगदान रहा है। मुझे भरोसा है कि यह प्रक्रिया आगे आने वाले वर्षो में और मजबूत होगी, जिससे हमारे दोनों देशों के लोगों को परस्पर लाभ होगा। आपके व्यक्तिगत कल्याण एवं सफलता के लिए तथा इसके साथ-साथ मॉरीशस के मैत्रीपूर्ण लोगों की प्रगति एवं समृद्धि के लिए मेरी शुभकामनाएं स्वीकार करें।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493