पटना, 26 अगस्त (आईएएनएस)। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी अपने दो दिवसीय बिहार दौरे पर शुक्रवार की शाम पटना पहुंचे। राष्ट्रपति शनिवार को नालंदा विश्वविद्यालय के प्रथम दीक्षांत समारोह को संबोधित करेंगे और राजगीर में इसके परिसर की आधारशिला रखेंगे।
राष्ट्रपति शुक्रवार शाम विशेष विमान से पटना हवाईअड्डा पहुंचे। यहां राज्यपाल रामनाथ कोविंद और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित कई मंत्रियों ने राष्ट्रपति का स्वागत किया।
राष्ट्रपति पटना के जयप्रकाश नारायण हवाईअड्डे से सीधे राजभवन पहुंचे, जहां वह रात्रि विश्राम करेंगे।
राज्य के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि शनिवार सुबह राष्ट्रपति हेलीकॉप्टर द्वारा पटना से राजगीर जाएंगे और वहां नालंदा विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में अपना संबोधन देंगे। इस समारोह में राष्ट्रपति 12 छात्रों को सम्मानित करेंगे और दो छात्रों को स्वर्ण पदक देंगे।
दीक्षांत समारोह में राज्यपाल और मुख्यमंत्री सहित कई गणमान्य लोग भी हिस्सा लेंगे। इसके बाद राष्ट्रपति राजगीर में विश्वविद्यालय भवन की आधारशिला रखेंगे।
राष्ट्रपति राजगीर से 12 बजे पटना हवाईअड्डा पहुंचेंगे और वहां से बेंगलुरू के लिए रवाना हो जाएंगे।
राष्ट्रपति के आगमन को लेकर पटना और नालंदा में सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। नालंदा के कार्यक्रम स्थल पर तीन पुलिस अधीक्षक रैंक के अधिकारी के अलावा आठ पुलिस उपाधीक्षक और बड़ी संख्या में पुलिस के जवान तैनात रहेंगे।
dharmpath.com dharmpath