नई दिल्ली, 28 अगस्त (आईएएनएस)। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने, 1965 में भारत और पाकिस्तान के बीच हुए युद्ध की 50वीं बरसी पर शुक्रवार को अमर जवान ज्योति पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इससे पहले, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी 1965 की जंग के नायकों को नमन किया।
मोदी ने एक ट्वीट में लिखा, “मैं 1965 के युद्ध की 50वीं बरसी पर मातृभूमि के लिए लड़ने वाले सभी बहादुर सैनिकों को नमन करता हूं।”
उन्होंने लिखा, “हमारे सशस्त्र बलों की बहादुरी और साहस बहुत ही प्रेरणादायक है। उन्होंने हर बाधा को पार कर जीत हासिल की और भारत की एकता एवं अखंडता की रक्षा की।”
प्रधानमंत्री ने कहा, “हम श्री लाल बहादुर शास्त्री के जबर्दस्त नेतृत्व को याद करते हैं। 1965 में उन्होंने आगे बढ़कर नेतृत्व किया और वह देश के लिए शक्ति का एक अहम स्रोत थे।”
भारत, शुक्रवार को 1965 के इस युद्ध की 50वीं बरसी मना रहा है। कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है।
इस जंग में करीब 3,000 सैनिक, नौसैनिक और वायुसैनिक शहीद हुए थे।
भारतीय सेना के हाजी पीर दर्रे पर नियंत्रण स्थापित करने के उपलक्ष्य में शुक्रवार को स्मृति उत्सव शुरू हुआ।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एक-दो सितंबर को सेना की तीनों शाखाओं की एक संगोष्ठी आयोजित होगी। वहीं, 15-20 सितंबर को एक स्मारक प्रदर्शनी आयोजित होनी है।
dharmpath.com dharmpath