राष्ट्रमंडल खेल (मुक्केबाजी) : पुरुषों के 91 किलो सेमीफाइनल में नमन (लीड-1)

गोल्ड कोस्ट (आस्ट्रेलिया), 10 अप्रैल (आईएएनएस)। वजन कम करने के इरादे से मुक्केबाजी में शामिल हुए भारतीय मुक्केबाज नमन तंवर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए यहां जारी 21वें राष्ट्रमंडल खेलों में मंगलवार को छठे दिन पुरुषों के 91 किलोग्राम वर्ग के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।

ओक्सनफोर्ड स्टूडियोज में आयोजित इस स्पर्धा के क्वार्टर फाइनल-4 में नमन ने सामोआ के फ्रैंक मासोए को एकतरफा मुकाबले में 5-0 से मात दी।

नमन ने पहले ही राउंड से मैच पर अपना दबदबा बनाए रखा था। तीन मिनट के पहले राउंड में अमन ने अपने राइट हुक और अपर कट का अच्छा इस्तेमाल किया। हालांकि, उन्हें सामोआ के मुक्केबाज से अच्छी टक्कर मिल रही थी।

इसके बाद, दूसरे राउंड में नमन ने संभल कर खेलना शुरू किया। वह फ्रैंक की हर चाल को समझने की कोशिश कर रहे थे। इसमें भी अमन ने अपने राइट हुक का इस्तेमाल करने के साथ-साथ जैब पंच भी लगाए।

भिवानी के 19 साल के इस मुक्केबाज के लिए अखिल कुमार आदर्श हैं। उनके नक्शेकदम को अपनाते हुए नमन ने दूसरे राउंड में लेफ्ट हुक का भी इस्तेमाल किया।

थकान से भर चुके दोनों मुक्केबाजों ने अपनी सारी बची खुची ऊर्जा को बटोरते हुए तीसरे राउंड में कदम रखा। इस राउंड में नमन सामोआ के मुक्केबाज पर आक्रामक प्रदर्शन करते नजर आए और राइट जैब, हुक का इस्तेमाल कर उन्होंने जीत हासिल की और अंतिम-4 में प्रवेश किया।

सेमीफाइनल में अब नमन का सामना शुक्रवार को आस्ट्रेलिया के जेसन व्हाटले से होगा। जेसन ने क्वार्टर फाइनल-2 में नार्थन आयरलैंड के डेमिन सुलिवान को 4-1 से हराया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493