सूरत, 21 दिसम्बर (आईएएनएस)। पंडित दीनदयाल उपाध्याय इनडोर स्टेडियम में चल रहे अवध राष्ट्रमंडल टेबल टेनिस चैम्पियनशिप के 20वें संस्करण में भारत को पुरुष और महिला एकल वर्ग में रजत पदक से संतोष करना पड़ा।
पुरुष एकल में भारत के एंथनी अलराज को सिंगापुर के चेन फेंग ने 4-2 से हराया, जबकि सिंगापुर की ही झू यियान ने महिला एकल वर्ग के फाइनल मुकाबले में भारत की मौमा दास को 4-1 से मात दे दी।
हालांकि चैम्पियनशिप में भारत का यह अब तक का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन रहा। भारत ने चैम्पियनशिप में तीन स्वर्ण, पांच रजत और सात कांस्य पदक सहित कुल 16 पदक हासिल किए। इससे पहले भारत ने राष्ट्रमंडल टेटे चैम्पियनशिप में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए नौ पदक हासिल किए थे।
कुल पदकों की संख्या में सिंगापुर भारत से पीछे रहा। सिंगापुर को चार स्वर्ण और एक कांस्य पदक हासिल हुआ, जबकि इंग्लैंड को पुरुष वर्ग में एक रजत पदक और महिला वर्ग में एक कांस्य पदक से ही संतोष करना पड़ा। वहीं नॉर्दर्न आयरलैंड को पुरुष और महिला वर्ग में एक-एक कांस्य पदक हासिल हुआ।
भारत के अमलराज ने अच्छा खेल दिखाया लेकिन वह चेन की रणनीति के सामने ज्यादा कुछ नहीं कर पाए। चेन ने अमलराज को काफी परेशान किया।
वहीं भारतीय महिला एकल में मौमा दास ने निराश किया। वह सिंगापुर की प्रतिद्वंद्वी के सामने असहज नजर आईं। पहले दो गेम 7-11, 5-11 से हारने के बाद मौमा दास ने वापसी की कोशिश की लेकिन नाकामयाब रहीं।
पुरुष युगल मुकाबले में सौम्यजीत घोष और हरमीत देसाई की जोड़ी ने हमवतन जी. साथियान और देवेश कारिया की जोड़ी को 3-2 से हरा स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
महिला युगल में लिन ये और झू यिहान की जोड़ी ने भारतीय जोड़ी मनिका बत्रा और अंकिता दास को एकतरफा मुकाबले में 3-0 से हरा स्वर्ण पदक हासिल किया।
इससे पहले भारत ने एक कांस्य पदक अपने नाम किया। मौमा दास और के. शामिनी की भारतीय जोड़ी को लिन और झू की जोड़ी ने 3-2 से हराया।
dharmpath.com dharmpath