नई दिल्ली, 28 जुलाई (आईएएनएस)। यात्रा, पर्यटन और आतिथ्य उद्योग के क्षेत्र में 2014-15 का ‘राष्ट्रीय पर्यटन पुरस्कार’ यहां एक समारोह में लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन द्वारा शनिवार को दिया जाएगा। इस समारोह का आयोजन पर्यटन मंत्रालय द्वारा किया जा रहा है जिसका संचालन संस्कृति और पर्यटन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. महेश शर्मा करेंगे।
इस समारोह में विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री और पर्यटन मंत्री, केंद्र और राज्य सरकारों के अधिकारी, आतिथ्य उद्योग के सदस्यगण के साथ-साथ प्रमुख होटल व्यवसायी, ट्रेवल एजेंट, टूर ऑपरेटर्स, ट्रेवल मीडिया और मीडिया के लोग हिस्सा लेंगे।
यात्रा, पर्यटन और आतिथ्य उद्योग के क्षेत्र में प्राप्त की गई उपलब्धियों के लिए पिछले कई सालों में राष्ट्रीय पर्यटन पुरस्कार एक प्रतिष्ठित पहचान के रूप में उभरकर सामने आया है। इस पुरस्कार को प्रत्येक वर्ष पर्यटन मंत्रालय द्वारा यात्रा, पर्यटन और आतिथ्य उद्योग के कई वर्गों में दिया जाता है।
इन वर्गों में राज्य सरकार, केंद्र शासित प्रदेश, वर्गीकृत होटल, हेरिटेज होटल, अनुमोदित ट्रेवल एजेंट, टूर ऑपरेटर, टूरिस्ट ट्रांसपोर्ट ऑपरेटर, व्यक्तिगत और निजी संस्थानों को उनके प्रदर्शन के आधार पर शामिल किया जाता है और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए उनके बीच एक स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को प्रोत्साहित किया जाता है।
dharmpath.com dharmpath