राष्ट्रीय स्नूकर 6-रेड चैम्पियनशिप में अपना सर्वश्रेष्ठ करूंगा : कोठारी

कोलकाता, 29 दिसम्बर (आईएएनएस)। भारत के अग्रणी स्नूकर खिलाड़ी सौरभ कोठारी ने कहा है कि वह मंगलवार से बंगाल रोविंग क्लब में शुरू राष्ट्रीय स्नूकर 6-रेड चैम्पियनशिप के पांचवें संस्करण में अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश करेंगे।

इस टूर्नामेंट में शीर्ष पर रहने वाले दो खिलाड़ी मौजूदा 6-रेड विश्व चैम्पियन भारत के ही दिग्गज पंकड आडवाणी के साथ एशियन 6-रेड चैम्पियनशिप-2016 में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।

एशियन स्नूकर चैम्पियनशिप अगले वर्ष अबु धाबी में अप्रैल में खेली जाएगी।

कोठारी ने यहां पत्रकारों से कहा, “उम्मीद है मैं यहां बेहतर करूंगा। मैं अपना सर्वश्रेष्ठ देने की पूरी कोशिश करूंगा। लेकिन यह ऐसा प्रारूप है जैसे क्रिकेट में टी-20, जहां किसी भी दिन कोई भी जीत सकता है। यह चुनौतीपूर्ण होगा।”

उन्होंने कहा, “हम एक शानदार वर्ष में प्रवेश करने वाले हैं। पिछले कुछ वर्षो से भारत ने अच्छा प्रदर्शन किया है। इसलिए जब भी हम विदेशों में अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में खेलने जाते हैं तो हमसे जीत की उम्मीद की जाती है। इसलिए हम पर उम्मीदों का दबाव है।”

कोलकाता के कोठारी को भारत के ही ब्रजेश दमानी और आदित्य मेहता से प्रतियोगिता में कठिन चुनौती मिलने की उम्मीद है।

मंगलवार को टूर्नामेंट के उद्घाटन समारोह में आयोजकों ने टूर्नामेंट के दौरान तीन बार 75 का ब्रेक हासिल करने वाले खिलाड़ी को अतिरिक्त नकद इनाम दिए जाने की घोषणा भी की।

पूर्व विश्व चैम्पियन तथा आयोजन समिति के सदस्य मनोज कोठारी ने कहा, “टूर्नामेंट में जो खिलाड़ी तीन बार 75 का ब्रेक हासिल करेगा, हम उसे 50,000 रुपये का अतिरिक्त इनाम प्रदान करेंगे।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493