इस्तीफा देने का सवाल ही नहीं उठता : वान गाल

मैनचेस्टर, 29 दिसम्बर (आईएएनएस)। इंग्लिश प्रीमियर क्लब मैनचेस्टर युनाइटेड के कोच लुइस वान गाल ने मंगलवार को कहा कि उनकी टीम भले पिछले आठ मैचों से जीत के लिए तरस रही है, लेकिन वह इस्तीफा नहीं देने वाले।

युनाइटेड प्रीमियर लीग के मुकाबले में सोमवार को चेल्सी के खिलाफ गोलरहित ड्रॉ खेल सकी।

इस ड्रॉ के साथ युनाइटेड प्रीमियर लीग की अंकतालिका में छठे पायदान पर हैं। इससे पहले वान गाल की टीम यूरोपीयन चैम्पियंस लीग के प्री क्वार्टर फाइनल में भी प्रवेश करने से चूक गई थी।

समाचार चैनल बीबीसी ने वान गाल के हवाले से कहा, “जब खिलाड़ी भारी दबाव के बीच इस तरह का प्रदर्शन कर रहे हों, ऐसे में इस्तीफा देने का सवाल नहीं उठता।”

नीदरलैंड्स के वान गाल के लिए बीते दिन काफी कठिन रहे हैं। टीम में अपनी स्थिति पर मीडिया में लगाई जा रही अटकलों से आजिज वान गाल बीते दिनों एक संवाददाता सम्मेलन के बीच से उठकर चले गए थे।

उनकी टीम युनाइटेड को प्रीमियर लीग में स्टोक सिटी से 0-2 से हार झेलनी पड़ी थी, जिसके बाद वान गाल के युनाइटेड में भविष्य को लेकर सवाल उठने लगे थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493