राहुल किसानों के कर्ज माफ करने की मांग को लेकर मोदी से मिले (लीड-1)

नई दिल्ली, 16 दिसम्बर (आईएएनएस)। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर किसानों के ऋण माफ करने की मांग की।

राहुल के नेतृत्व में कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने किसानों की आत्महत्या का मुद्दा उठाते हुए मोदी से कहा कि किसानों को दिए गए कर्ज भी उसी तरह माफ कर दिए जाएं, जिस तरह कॉरपोरेट जगत के कर्ज माफ किए गए हैं।

राहुल ने प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद संवाददाताओं से कहा, “देशभर में किसान आत्महत्या कर रहे हैं। पंजाब में हर दिन एक किसान आत्महत्या कर रहा है। हमने प्रधानमंत्री से मिलकर उन्हें देशभर के किसानों की दुर्दशा से अवगत कराया।”

उन्होंने कहा, “केंद्र सरकार ने कॉरपोरेट जगत के 1.40 लाख करोड़ रुपये के ऋण माफ किए हैं। हमने उनसे किसानों के ऋण भी माफ करने की अपील की।”

राहुल के नेतृत्व में प्रधानमंत्री से मिलने वाले कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल में लोकसभा में कांग्रेस के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे, पार्टी के पंजाब प्रदेश अध्यक्ष कैप्टन अमरिंदर सिंह और अन्य नेता शामिल थे।

राहुल ने यह भी कहा कि गेहूं के आयात को शुल्क मुक्त करने का सरकार का फैसला किसानों के लिए ‘बड़ा झटका’ है।

कांग्रेस उपाध्यक्ष के अनुसार, “प्रधानमंत्री ने भी किसानों की दुर्दशा की बात स्वीकार की, लेकिन उन्होंने किसानों के ऋण माफ करने के बारे में कुछ नहीं कहा।”

राहुल की मोदी से मुलाकात कांग्रेस उपाध्यक्ष द्वारा प्रधानमंत्री पर ‘भ्रष्टाचार में व्यक्तिगत तौर पर शामिल होने’ का आरोप लगाए जाने के बाद हुई है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493