राहुल के कांग्रेस अध्यक्ष बनने पर केरल में कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न

तिरुवनंतपुरम, 16 दिसंबर (आईएएनएस)। राहुल गांधी के कांग्रेस अध्यक्ष बनने पर केरल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं व समर्थकों ने शनिवार को पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में जश्न मनाया।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यहां आतिशबाजी की और मिठाई बांटकर खुशियां जाहिर कीं। इसी प्रकार प्रदेश के जिला मुख्यालयों पर भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के पार्टी प्रमुख का पदभार ग्रहण करने पर जश्न मनाया।

केरल कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष एम. एम. हसन, पूर्व मुख्यमंत्री ओमन चांडी और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रमेश चेन्नीथाला जैसे पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का एक समूह राहुल गांधी की ताजपोशी में शरीक होने दिल्ली गया है जबकि पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष थेन्नाला बालकृष्ण पिल्लई, वी. एम. सुधीरन और अन्य लोगों ने दिल्ली में हुए कार्यक्रम को टीवी न्यूज चैनल पर देखा।

चांडी ने कहा, “यह ऐतिहासिक क्षण है कि राहुल गांधी युवाओं के आदर्श बन गए हैं। हम सब आश्वस्त हैं कि वह पार्टी को बुलंदियों पर ले जाएंगे। “

राहुल गांधी ने अपनी मां सोनिया गांधी से कांग्रेस अध्यक्ष का पदभार ग्रहण किया। सोनिया गांधी 19 साल तक कांग्रेस अध्यक्ष रही, जो कांग्रेस के इतिहास में किसी अध्यक्ष का सबसे लंबा कार्यकाल रहा है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493