राहुल के मंदिर दौरों पर जेटली बोले, जब भाजपा है तो ‘क्लोन’ की क्या जरूरत : जेटली

सूरत, 2 दिसम्बर (आईएएनएस)। केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली ने शनिवार को गुजरात में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के लगातार मंदिरों के दौरे पर तंज कसा है। भाजपा के हिंदुत्व के प्रति झुकाव का संकेत करते हुए उन्होंने कहा कि जब मूल (ओरिजनल) मौजूद है तो लोग प्रतिरूप (क्लोन) को भला क्यों तरजीह देंगे।

जेटली ने एक प्रेस वार्ता में कहा, “भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को हमेशा हिंदुत्ववादी पार्टी के रूप में देखा जाता है। इसलिए अगर मूल उपलब्ध है तो फिर कोई प्रतिरूप को क्यों पसंद करेगा।”

कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने अपने विधानसभा चुनाव अभियान के दौरान गुजरात के कई मंदिरों का दौरा किया है। राज्य में 9 दिसंबर और 14 दिसंबर को विधानसभा चुनाव होना है। भाजपा ने राहुल पर चुनावी फायदे के लिए मंदिरों का दौरा करने का आरोप लगाया।

जेटली ने यह भी कहा कि कांग्रेस धीरे धीरे विलुप्त हो रही है, यह 2014 के लोकसभा चुनाव में हार के बाद कई चुनाव में शिकस्त पा चुकी है।

उन्होंने कहा, “भाजपा ने अपनी विश्वसनीयता बरकरार रखी है, जबकि कांग्रेस धीरे-धीरे विलुप्त हो रही है।”

ईवीएम के साथ संभावित छेड़छाड़ के आरोपों के बारे में एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, “परिणाम अभी तक सामने नहीं आए हैं और उन्होंने अपनी हार के लिए बहाने बनाने शुरू कर दिए हैं।”

भाजपा नेता ने कहा कि कांग्रेसनीत सरकार के दौरान देश में विदेशी निवेश काफी घट गया था।

उन्होंने कहा, “आज, हम आसानी से व्यापार करने वाले देशों में दुनिया में 42 पायदान ऊपर चढ़े हैं। 1990 में सुधारों को मजबूरी के तहत लिया गया था, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अंतर्गत सरकार प्रतिबद्धता से सुधारों पर काम कर रही है।”

उन्होंने कहा कि हमने जितनी सरकारें देखीं, उनमें संप्रग सरकार सबसे भ्रष्ट थी।

जेटली ने कहा, “संप्रग सरकार एक नेताविहीन सरकार थी। यह कहा जाता था कि तत्कालीन प्रधानमंत्री, प्रधानमंत्री कार्यालय में थे लेकिन सत्ता में नहीं थे।”

उन्होंने कहा कि गुजरात भाजपा के लिए एक महत्वपूर्ण क्षेत्र है क्योंकि पार्टी दो दशक से अधिक समय से राज्य में जीत रही है और सेवा कर रही है।

जेटली ने कहा, “अस्सी के दशक के दौरान, सामाजिक ध्रुवीकरण की राजनीति यहां बहुत बड़ी थी। इस क्षेत्र को भाजपा सरकार के आने के बाद इससे छुटकारा मिला और हम लगातार विकास के रास्ते पर इसे लाने की कोशिश कर रहे हैं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493