कसौली (हिप्र), 25 अप्रैल (आईएएनएस)। देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के चचेरे भाई बी.के. नेहरू की पत्नी शोभा नेहरू का मंगलवार सुबह कसौली में उनके आवास पर निधन हो गया। वह 109 वर्ष की थीं।
उनका अंतिम संस्कार बुधवार को होगा, जिसमें सोनिया गांधी परिवार के सदस्यों के भाग लेने की उम्मीद है।
शोभा नेहरू के परिवार में उनके तीन बेटे हैं। शोभा के पति बी.के.नेहरू भारतीय राजनयिक थे।
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी, शोभा नेहरू से मिलने के लिए नियमित हिमाचल प्रदेश के पर्यटक स्थल कसौली जाया करते थे। उन्होंने शोभा नेहरू से आखिरी बार मई, 2016 में मुलाकात की थी।
हंगरी के बुडापेस्ट में जन्मीं शोभा नेहरू का विवाह नेहरू परिवार में सन् 1935 में हुआ था। बी.के.नेहरू से उनकी मुलाकात ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय में पढ़ाई के दौरान हुई थी।
आजाद भारत के सबसे प्रतिष्ठित नौकरशाह और ट्रिब्यूनल ट्रस्ट ऑफ पब्लिकेशंस के पूर्व ट्रस्टी बी.के. नेहरू का निधन 31 अक्टूबर, 2001 को 92 वर्ष की उम्र में हुआ था।
dharmpath.com dharmpath