राहुल गांधी अमेठी में पीछे, वायनाड में आगे

नई दिल्ली, 23 मई (आईएएनएस)। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी अपनी पार्टी की पारंपरिक सीट अमेठी में अपनी प्रतिद्वंद्वी केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता स्मृति ईरानी से पीछे चल रहे हैं। स्मृति ने उनके मुकाबले 5,700 वोटों की बढ़त बना ली है।

नवीनतम रुझानों के अनुसार, राहुल गांधी जो केरल के वायनाड से भी लड़ रहे हैं, उन्होंने अपराह्न् दो बजे तक 74,416 वोट हासिल किए थे, जबकि स्मृति 80,143 वोटों के साथ उनसे आगे चल रही हैं।

राहुल गांधी, हालांकि वायनाड में जीत की ओर बढ़ रहे हैं। नवीनतम रुझानों के अनुसार, उन्हें भाकपा के पी.पी. सुनीर के खिलाफ 7,37,173 वोट मिल चुके हैं, जबकि, सुनीर को 4.6 लाख वोट मिले हैं।

अमेठी पर 2004 से गांधी परिवार का कब्जा रहा है और यह सीट दशकों से कांग्रेस का गढ़ रही है। हालांकि, इस बार कांग्रेस अध्यक्ष को इस सीट पर भाजपा की ईरानी से कड़ा मुकाबला मिल रहा है।

ईरानी 2014 में अमेठी सीट गांधी से केवल एक लाख से कुछ अधिक वोटों के अंतर से हार गई थीं।

इस सीट का अब तक गांधी परिवार के चार सदस्य प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।

संजय गांधी, राजीव गांधी, सोनिया गांधी और राहुल 1998 से 1999 तक की छोटी-सी अवधि को छोड़कर बाकी 1971 से ही लोकसभा में इस सीट का प्रतिनिधित्व करते रहे हैं। 1998-1999 में इस सीट पर भारतीय जनता पार्टी के संजय सिंह ने जीत हासिल की थी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493