राहुल गांधी के पॉयलट ने कोई शिकायत नहीं की : अधिकारी

हुबली (कर्नाटक), 27 अप्रैल (आईएएनएस)। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के विमान में गुरुवार को उड़ान के दौरान पैदा हुई कथित गड़बड़ी को लेकर विमान के पॉयलट ने किसी तरह की शिकायत नहीं दर्ज कराई है।

हवाईअड्डे के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

हुबली हवाईअड्डे की निदेशक अहिल्या एस.काकोदिकर ने संवाददाताओं से कहा, “न तो पॉयलट ने किसी दिक्कत की शिकायत की और न एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) ने ही।”

हवाईअड्डे के निदेशक ने यह भी कहा कि विमान सुरक्षित उतरा था। इस हवाईअड्डे का प्रबंधन सरकारी भारतीय हवाईअड्डा प्राधिकरण (एएआई) द्वारा किया जाता है।

उन्होंने कहा, “यह सुरक्षित लैंडिंग थी। यदि कोई गड़बड़ी रही होती तो एटीसी ने उसे रिकॉर्ड किया होता।”

कांग्रेस ने गुरुवार को कर्नाटक पुलिस से शिकायत की कि राहुल गांधी के फाल्कन 2000 विमान में उड़ान के दौरान दिक्कतों का सामना करना पड़ा था। विमान ने दिल्ली से हुबली के लिए उड़ान भरी थी, और विमान में राहुल के साथ चार अन्य लोग भी सवार थे। हुबली राज्य की राजधानी बेंगलुरू से 400 किमी उत्तर पश्चिम में है।

यह शिकायत राज्य के पुलिस महानिदेशक नीलमणि एन.राजू से की गई है। राज्य पुलिस प्रमुख से विमान को हुबली में रोकने और गड़बड़ी की जांच करने का आग्रह किया गया है।

कांग्रेस के शाकिर सनदी की शिकायत के आधार पुलिस ने हुबली में गुरुवार देर शाम एक प्राथमिकी दर्ज की।

राहुल गांधी 12 मई को होने वाले राज्य विधानसभा चुनाव के प्रचार की शुरुआत करने के लिए गुरुवार को दो दिवसीय दौरे पर सुबह करीब 11.25 बजे हुबली पहुंचे थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493