राहुल जिस सम्मेलन में गए, वह हो चुका है : भाजपा

नई दिल्ली, 24 सितंबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के विदेश दौरे का मुद्दा गुरुवार को एक बार फिर उठाया और दावा किया कि जिस अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन की उन्होंने बात की थी, वह जुलाई में ही संपन्न हो चुका है।

भाजपा ने कहा कि कांग्रेस को राहुल गांधी कहां हैं, इस बारे में झूठ बोलना बंद कर देश से सच बताना चाहिए।

भाजपा के प्रवक्ता जी.वी.एल. नरसिम्हा राव ने यहां संवाददाताओं से कहा, “राहुल गांधी के ठिकाने के बारे में कांग्रेस बीते तीन दिनों से देश को भ्रमित कर रही है। कांग्रेस ने दावा किया था कि वह अमेरिका के अस्पेन में ‘वीकेंड विद् चार्ली रोज’ नामक एक सम्मेलन में हिस्सा लेने जा रहे हैं। लेकिन हमें पता चला कि तथाकथित सम्मेलन जुलाई में ही संपन्न हो गया था।”

भाजपा नेता ने कहा, “कांग्रेस तथ्यों को क्यों छिपा रही है? उन्हें झूठ बोलना बंद कर देश को सच बताना चाहिए। हम उम्मीद करते हैं कि कांग्रेस सच के साथ सामने आएगी और राहुल के ठिकाने के बारे में देश को भ्रमित नहीं करेगी।”

उल्लेखनीय है कि कांग्रेस ने बुधवार को एक लिखित बयान जारी करते हुए कहा था कि राहुल एक सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए अमेरिका के अस्पेन के दौरे पर गए हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493