नई दिल्ली, 24 नवंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को देश में बढ़ती असहिष्णुता पर फिल्म अभिनेता आमिर खान के विचारों का समर्थन किया।
आमिर के असहिष्णुता पर की गई टिप्पणी को लेकर देश में विवाद पैदा हो गया है।
राहुल ने कहा कि मोदी सरकार को जनता के बीच जाकर उस कारण को जानने की कोशिश करनी चाहिए कि आखिर वे परेशानी क्यों महसूस कर रहे हैं।
आमिर का समर्थन करते हुए राहुल ने ट्वीट किया, “सरकार और मोदी जी से सवाल करने वालों को देशद्रोही या राजनीति प्रेरित करार देने के बदले सरकार को लोगों के बीच जाकर यह जानने की कोशिश करनी चाहिए कि कौन-सी बात उन्हें परेशान कर रही है।”
राहुल ने इसके बाद एक अन्य ट्वीट में लिखा, “भारत में समस्या सुलझाने का यही तरीका है, न कि डरा कर, धमका कर और गाली देकर।”
आमिर ने दिल्ली में सोमवार को रामनाथ गोयनका पुरस्कार समारोह में कहा, “पिछले छह से आठ महीनों में एक बढ़ती हुई निराशा देखी जा रही है। किरण और मैंने अपना पूरा जीवन भारत में बिताया। जब मैंने किरण से बात की, तो पहली बार उसने कहा, ‘क्या हमें भारत छोड़ देना चाहिए?’ यह मेरे लिए सबसे बड़ा और निराशाजनक था।”
इसके पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आमिर के समर्थन में ट्वीट किया और इस मुद्दे पर आवाज उठाने के लिए उनकी प्रशंसा की।
केजरीवाल ने ट्वीट किया, “आमिर खान ने जो भी कहा है वह सच है। आवाज उठाने के लिए मैं उनका आभारी हूं।”
मुख्यमंत्री ने अपने अन्य ट्वीट में कहा, “भाजपा को धमकी और अपशब्दों के जरिए आवाज दबाने का काम बंद करना चाहिए। यह उचित समय है जब केंद्र सरकार लोगों में सुरक्षा की भावना पैदा करने के लिए ठोस कदम उठाए।”
dharmpath.com dharmpath