लखनऊ, 17 फरवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी की ओर से प्रियंका गांधी चुनाव प्रचार के लिए तैयार हैं। वह शुक्रवार को पार्टी के उपाध्यक्ष व अपने भाई राहुल गांधी के साथ रायबरेली में रैली करेंगी।
कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के वरिष्ठ नेताओं ने इसकी जानकारी दी।
रायबरेली सोनिया गांधी की संसदीय सीट है।
कांग्रेस के 40 स्टार प्रचारकों में से एक प्रियंका के अब तक चुनावी जनसभाओं से नदारद रहने से कार्यकर्ता नाखुश थे, विशेष रूप से अमेठी और रायबरेली में जिसे गांधी परिवार का गढ़ माना जाता है। यहां प्रियंका ने पिछले चुनावों में भी प्रचार किया था।
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस, सत्तारूढ़ समाजवादी पार्टी (सपा) के साथ गठबंधन कर चुनावी मैदान में उतरी है। बताया जाता है कि यहां सीट बंटवारे को लेकर गठबंधन के दोनों दलों में सहमति नहीं बन पाने के कारण प्रियंका के प्रचार कार्यक्रम कई बार रद्द हुए।
अब दोनों पार्टियों ने अपनी-अपनी तरफ से पांच-पांच उम्मीदवारों के नाम वापस ले लिए, जिसके बाद प्रियंका की यहां रैली होने जा रही है।
कांग्रेस और सपा के बीच गठबंधन के आसार धुंधले पड़ने के समय प्रियंका कांग्रेस की ओर से मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के साथ मुख्य वार्ताकार की भूमिका निभाने वालों में से एक थीं।
पार्टी से जुड़े एक सूत्र ने आईएएनएस को बताया कि प्रियंका का नाम हालांकि पार्टी के स्टार प्रचारकों की सूची में है, लेकिन वह संभवत: खुद को अमेठी और रायबरेली तक ही सीमित रखेंगी।
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी यहां 20 फरवरी को जनसभा को संबोधित करेंगी।
सोनिया ने अभी तक खराब सेहत की वजह से चुनाव प्रचार से दूरी बनाए रखी थी।
रायबरेली में 23 फरवरी और अमेठी में 27 फरवरी को मतदान होंगे।
dharmpath.com dharmpath