राहुल बाबा और बुआ-भतीजे की टोली ने जातिवाद की राजनीति की : शाह

फतेहपुर, 4 मई(आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के अध्यक्ष अमित शाह ने शनिवार को यहां कहा कि महागठबंधन बुआ-भतीजा, राहुल बाबा की टोली है, जिन्होंने जातिवाद की राजनीति के अलावा कुछ भी नहीं किया है।

अमित शाह ने यहां एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, “70 सालों से अधिक की अवधि में 55 सालों तक राहुल बाबा की चार पीढ़ियों ने शासन किया, प्रदेश में बुआ-भतीजे ने शासन किया। इन सरकारों में गरीबों का भला नहीं हुआ। चाहे राहुल बाबा हों, या बुआ, भतीजे की सरकार, सभी ने हमेशा जातिवाद की राजनीति को बढ़ावा दिया है।”

उन्होंने कहा, “नरेंद्र मोदी जी ने देश को सुरक्षित करने का काम किया है। 10 सालों तक कांग्रेस की सरकार थी, सोनिया और मनमोहन की सरकार थी। मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री थे, सपा-बसपा समर्थन करते थे। 10 सालों के दौरान पाकिस्तान से आलिया मालिया जमालिया, जिसका जी चाहे अंदर घुस आते थे और हमारे जवानों के सिर काट कर ले जाते थे, मौनी बाबा के मुंह से उफ नहीं निकलता था।”

शाह ने कहा, “आपने मोदी की सरकार बना दी, अभी पुलवामा हमले में 40 जवान शहीद हो गए। देश भर के अंदर युवाओं में हताशा, निराशा और रोष कि अब क्या हो। पाकिस्तान ने भी देर नहीं की, सीमा पर सेना और तोपें बिछा दीं, क्योंकि उनको डर था कि सर्जिकल स्ट्राइक न हो। मोदी जी भी छप्पन इंच की छाती वाला मर्द है। उन्होंने वायुसेना को हुकुम किया और हमारे वायुसेना के जवान पाकिस्तान के अंदर घुसकर आतंकवादी को उड़ा दिए।”

भाजपा अध्यक्ष ने कहा, “युवा भारत माता की जयकारे लगा रहे थे और उधर बुआ-भतीजा और राहुल बाबा के चेहरे का नूर उड़ा हुआ था। कहते हैं कि उनसे बात करनी चाहिए थी।”

शाह ने कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला पर भी जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा, “उमर अब्दुल्ला राहुल बाबा का साथी है, जो कश्मीर को अलग करना चाहता है। राहुल बाबा एंड कंपनी कहती है कि देशद्रोह की धारा खत्म करेंगे। सुन लो जब तक भाजपा है, देशद्रोही जेल में होंगे। मोदी सरकार न भी रही तो भी कश्मीर को अलग नहीं होने देंगे।”

फतेहपुर लोकसभा सीट के लिए मतदान पांचवें चरण में छह मई को होना है। मतगणना 23 मई को होगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493