नई दिल्ली, 24 जुलाई (आईएएनएस)। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने शुक्रवार को कहा कि कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के खिलाफ टिप्पणी के लिए माफी मांगें, वरना भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उनके खिलाफ मानहानि का मुकदमा करेगी।
गडकरी ने यहां संवाददाताओं से कहा, “राहुल, सुषमा के खिलाफ लगाए गए आरोपों के लिए माफी मांगें। यदि वह ऐसा नहीं करते हैं, तो हम उनके खिलाफ मानहानि का आपराधिक मामला दर्ज करेंगे।”
राहुल गांधी ने पूर्व आईपीएल आयुक्त ललित मोदी की कथित तौर पर मदद कर आपराधिक कृत्य करने का सुषमा स्वराज पर आरोप लगाया है।
राहुल के आरोपों को निराधार करार देते हुए गडकरी ने कहा कि सुषमा देश की प्रख्यात नेता हैं और कांग्रेस उपाध्यक्ष ने न सिर्फ उनका अपमान किया है, बल्कि देश की विदेश मंत्री का भी अपमान किया है, जो विदेशों में देश का प्रतिनिधित्व करती हैं।
उन्होंने कहा, “सुषमा ने कुछ भी गलत नहीं किया है। वह किसी तरह के भ्रष्टाचार में संलिप्त नहीं रही हैं।”
राहुल ने सुषमा पर आपराधिक कृत्य करने का आरोप लगाते हुए कहा था कि इसके लिए उन्हें जेल होनी चाहिए।
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री एम.वेंकैया नायडू ने गांधी की टिप्पणी को अपरिपक्व करार दिया।
नायडू ने कहा, “एक केंद्रीय मंत्री को अपराधी और उन्हें जेल भेजे जाने की बात कहकर कांग्रेस छुद्र टिप्पणी पर उतर आई है।”
इसी बीच, कांग्रेस ने राहुल गांधी का बचाव करते हुए कहा कि सरकार के कार्यो की आलोचना करना मानहानि नहीं है।
कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद ने संवाददाताओं से कहा, “यदि इसे आप मानहानि कहते हैं, तो आप बीते 10 साल का रिकॉर्ड देखिए, उसमें भाजपा ने जिस प्रकार के शब्दों का इस्तेमाल किया है, उसके आधार पर भाजपा के प्रत्येक सांसद पर एक सौ मामले दर्ज किए कराए जा सकते हैं।”
dharmpath.com dharmpath