रिजिजू ने अपने बयान पर दी सफाई (लीड-1)

नई दिल्ली, 22 अक्टूबर (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री किरण रिजिजू ने उत्तर भारत के लोगों के बारे में अपनी टिप्पणी पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की आपत्ति के बाद इस पर सफाई देते हुए कहा कि वह सिर्फ एक पूर्व उपराज्यपाल के बयान का हवाला दे रहे थे, किसी क्षेत्र, धर्म या अन्य समूह को निशाना नहीं बना रहे थे।

रिजिजू ने बुधवार को यहां एक कार्यक्रम के दौरान कहा था कि दिल्ली के एक पूर्व राज्यपाल ने बिल्कुल सही कहा था कि उत्तर भारतीयों को नियम-कानून तोड़ने में मजा आता है।

उनका यह बयान मीडिया में आने के बाद केजरीवाल ने गुरुवार को ट्वीट कर कहा था, “रिजिजू जी, कृपा करके भारत के लोगों को उत्तर एवं दक्षिण भारतीय, हिंदू और मुसलमान में न बांटें। सभी भारतीय अच्छे हैं। हमें राजनीति के स्तर को सुधारने की जरूरत है।”

केजरीवाल का ट्वीट आने के बाद रिजिजू ने अपनी टिप्पणी पर सफाई देते हुए आईएएनएस से कहा, “यह बयान करीब आठ साल पहले दिल्ली के एक पूर्व उप राज्यपाल ने दिया था। मैंने बस इतना कहा कि उन्होंने सही कहा था। लेकिन यह बात समाज के सभी वर्गो पर समान रूप से लागू होती है।”

उन्होंने कहा, “मेरा इशारा किसी क्षेत्र, धर्म या अन्य समूह की ओर नहीं था। जिस तरह अपराध बढ़ रहे हैं, उसके लिए हम सभी एक समाज के रूप में समान रूप से जिम्मेदार हैं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493