रियो ओलम्पिक (एथलेटिक्स) : ललिता ने राष्ट्रीय रिकॉर्ड के साथ फाइनल में रखा कदम (लीड-3)

रियो डी जनेरियो, 13 अगस्त (आईएएनएस)। भारत की लंबी दूरी की महिला धावक ललिता शिवाजी बाबर ने नया राष्ट्रीय कीर्तिमान रचते हुए रियो ओलम्पिक में शनिवार को 3000 मीटर स्टीपलचेज स्पर्धा के फाइनल में प्रवेश कर लिया।

हालांकि स्पर्धा में शामिल एक अन्य भारतीय धावक सुधा सिंह क्वालिफिकेशन दौर से ही बाहर हो गईं।

ललिता ने 9 मिनट 19.76 सेकेंड का समय निकालते हुए हीट-2 में चौथा स्थान हासिल किया, वहीं हीट-3 में सुधा 9 मिनट 43.29 सेकेंड समय के साथ नौवें स्थान पर रहीं और फाइनल के लिए क्वालीफाई नहीं कर सकीं।

ललिता फाइनल के लिए क्वालिफाई करने वाली 15 धाविकाओं में सातवें स्थान पर रहीं, जबकि कुल 52 प्रतिभागियों में सुधा 30वां स्थान हासिल कर सकीं।

इससे पहले, हीट-2 में चौथे स्थान पर रहीं ललिता, तंजानिया की धावक हबीबा गरीबी से मात्र 1 सेकेंड पीछे रह गई थीं और सीधे-सीधे फाइनल में प्रवेश करने से चूक गई थीं, लेकिन सभी हीट संपन्न होने के बाद क्वालिफाई करने वाले कुल खिलाड़ियों में स्थान बनाने में कामयाब रहीं।

इसके साथ ही ललिता 32 वर्षो के बाद ओलम्पिक खेलों के एथलेटिक्स के फाइनल में प्रवेश करने वाली पहली भारतीय एथलीट भी बन गईं। ललिता से पहले 1984 में उड़नपरी के नाम से मशहूर पी. टी. ऊषा महिलाओं की 400 मीटर बाधा दौड़ के फाइनल तक पहुंचने में सफल रही थीं।

स्पर्धा का फाइनल 15 अगस्त को होगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493