रियो डी जेनेरियो, 24 जुलाई (आईएएनएस)। ब्राजीलियाई महानगर रियो डी जेनेरियो की मेजबानी में होने वाले ओलम्पिक खेलों-2016 की तैयारी हेतु चीनी दल का पहला समूह साओ पाउलो के एस्पोर्टे क्लब पिनहेइरोस पहुंच गया।
इस समूह में टेबल टेनिस, तैराकी और महिला फुटबाल टीम शामिल हैं।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने चीनी ओलंपिक प्रतिनिधिमंडल के अधिकारियों के हवाले से कहा है कि चीन की कुल 17 टीमें ब्राजील के सबसे अधिक आबादी वाले शहर रियो में पांच से 21 अगस्त के बीच होने वाले ओलम्पिक खेलों के लिए प्रशिक्षण लेंगी और यहां के वातावरण के अनुरूप खुद को ढालेंगी।
इस प्रशिक्षण शिविर में चीनी दल के आधे एथलीट अभ्यास करेंगे। साओ पाउलो में एथलीटों, कोचों, अधिकारियों और सहायक कर्मचारियों सहित कुल 400 लोग पहुंचेंगे।
साओ पाउलो में अपनी तैयारी के बाद यह दल रियो जाएगा और ओलम्पिक खेलों के दौरान वे ओलम्पिक खेल गांव में रहेंगे।
रियो के बाहर प्रशिक्षण लेने वाली चीन की टीम केवल एकमात्र टीम नहीं है। ब्रिटेन के एथलीट भी मिनास टेनिस क्लब में प्रशिक्षण ले रहे हैं।
इस वर्ष ओलम्पिक खेलों में चीन का 416 सदस्यीय दल हिस्सा लेगा, जिसमें 35 ओलम्पिक चैम्पियन शामिल हैं।
dharmpath.com dharmpath