रियो डी जनेरियो, 10 अगस्त (आईएएनएस)। ब्राजील की मेजबानी में चल रहे ओलम्पिक खेलों के चौथे दिन बुधवार को जूडो में पुरुषों की 90 किलोग्राम भारवर्ग के इलिमिनेशन राउंड ऑफ 32 में एकमात्र भारतीय दावेदार अवतार सिंह को हार का सामना करना पड़ा।
अवतार रिफ्यूजी ओलम्पिक टीम की ओर से खेल रहे पोपोल मिसेंगा के हाथों 1-0 (2 शीडो) से हारे।
अवतार सिंह पर मुकाबले की शुरुआत में ही नियमों के उल्लंघन के लिए दो बार एक-एक अंक की पेनाल्टी शीडो लगाई गई। अवतार पर यह पेनाल्टी मुकाबले के एक मिनट 39वें सेकेंड और तीन मिनट 21वें सेकेंड में लगाई गई।
मुकाबले के आखिरी मिनट में पोपोल ने अवतार को पटखनी देकर सीओई नागे से एक अंक भी हासिल कर लिया और मुकाबला अपने नाम करते हुए अगले दौर में प्रवेश किया।
अवतार सिंह की हार के साथ ही जूडो में भारतीय दावेदारी भी समाप्त हो गई।
dharmpath.com dharmpath