रियो डी जनेरियो, 10 अगस्त (आईएएनएस)। सर्वोच्च विश्व वरीयता प्राप्त अमेरिकी टेनिस स्टार सेरेना विलियम्स मंगलवार को रियो ओलम्पिक की महिला एकल वर्ग के तीसरे दौर में हारकर बाहर हो गईं।
सेरेना को यूक्रेन की इलिना स्वितोलिना ने सीधे सेटों में 6-4, 6-3 से हराया। लय से बाहर नजर आ रहीं सेरेना ने काफी गैरवाजिब गलतियां कीं, जिसका उन्हें खामियाजा भुगतना पड़ा। वह 20वीं विश्व वरीय इलिना के आगे सिर्फ एक घंटा 12 मिनट ही टिक सकीं।
सेरेना ने इलिना के दो के मुकाबले नौ एस लगाए, जबकि नौ के मुकाबले 26 विनर्स हासिल किए। हालांकि उन्होंने 17 के मुकाबले 37 गैरवाजिब गलतियां कीं। वहीं इलिना ने सेरेना को 17 गलतियां करने पर मजबूर किया।
सेरेना के पास दो बार इलिना की सर्विस ब्रेक करने का मौका मिला और सेरेना दोनों ही बार कामयाब हुईं, जबकि इलिना नौ में से सिर्फ पांच बार सेरेना की सर्विस ब्रेक कर सकीं।
लगातार पिछड़ने के कारण सेरेना साफ तौर पर थकी और हताश नजर आ रही थीं और उनकी सर्विस में भी आम दिनों जैसी तेजी नहीं थी। सेरेना ने आठ बार डबल फॉल्ट किए।
सेरेना की बड़ी बहन वीनस पहले ही दौर में हारकर बाहर हो चुकी हैं, वहीं महिला युगल वर्ग में दोनों विलियम्स बहनों की जोड़ी का सफर खत्म हो चुका है।
dharmpath.com dharmpath