रियो डी जेनेरियो, 5 अगस्त (आईएएनएस)। भारत के पुरुष तीरंदाज अतानू दास ने शुक्रवार को उम्दा आगाज करते हुए रियो ओलम्पिक की व्यक्तिगत स्पर्धा के नॉकआउट दौर में जगह बना ली है।
अतानू ने सैम्बोडरोमो में 64 तीरंदाजों के बीच रैंकिंग राउंड में पांचवां स्थान हासिल किया। नाकआउट राउंड में कुल 32 तीरंदाज पहुंचे।
दक्षिण कोरिया के वूजिन किम ने अखिकतम 720 में से 700 अंकों के साथ रैंकिंग राउंड में नया विश्व व ओलम्पिक रिकार्ड कायम किया। इससे पहले विश्व व ओलम्पिक रिकार्ड 699 अंकों का था,जो दक्षिण कोरिया के ही इम डोंग ह्यून ने लंदन ओलम्पिक के दौरान बनाया था।
अतानू ने 683 अंक जुटाए। अमेरिका के ब्रैडी एलिसन 690 अंकों के साथ तालिका में दूसरे और इटली के डेविड पास्क्वालुकी 685 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
इस स्पर्धा का नॉकआउट दौर 8 अगस्त को आयोजित होगा, जिसे पार करते हुए खिलाड़ी अंतिम-16 में जगह बनाएंगे।
अतानू ने जयंत तालुकदार और मंगल सिंह चंपिया को नेशनल ट्रायल में पीछे छोड़ते हुए ओलम्पिक की सीट हसिल की है।
अपने पहले ओलम्पिक के पहले ही प्रतिस्पर्धी दिन को वह एक समय तीसरे स्थान पर चल रहे थे लेकिन बाद में उनका प्रधर्शन गिरता गया और वह शीर्ष-10 से बाहर हो गए लेकिन पहले हाफ के बाद वह शीर्ष-15 तक आकर रुक गए।
दूसरे हाफ में अतानू ने जोरदार वापसी की और 14, 13 और फिर 10वें स्थान पर आकर रुक गए। दूसरे हाफ के अंतिम दो राउंड में अतानू ने गलतियों के बावजूद अंतिम रूप से पांचवां स्थान हासिल किया।
अपने मुकाबले के बाद अतानू ने कहा, “मैंने और किसी से अधिक अभ्यास किया है। मैंने पूरे राउंड में अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन किया। कल मेरे लिए और भी अहम मुकाबला है। इसलिए मैं उत्सव की जगह कल के मैच पर ध्यान लगाना चाहता हूं।”
dharmpath.com dharmpath