मेक्सिको सिटी, 15 जुलाई (आईएएनएस)। ब्राजील के रियो डी जेनेरियो में अगस्त से शुरू हो रहे रियो ओलम्पिक खेलों में मेक्सिको के 120 एथलीट हिस्सा लेंगे।
मेक्सिको ओलम्पिक समिति (सीओएम) के अध्यक्ष कार्लोस पाडिला ने इसकी घोषणा की।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, पाडिला ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, “सभी एथलीट गरिमा के साथ ओलम्पिक खेलों में मेक्सिको का प्रतिनिधित्व करेंगे, ताकि हम बेहतर परिणाम हासिल कर सकें।”
पाडिला ने यह भी कहा कि ऐसा पहली बार हो रहा है जब मेक्सिको की रियो ओलम्पिक टीम में महत्वपूर्ण एथलीट हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सभी ने अपने बेहतरीन प्रदर्शन और कई साल के प्रशिक्षण से आगामी खेलों के लिए क्वालीफाई किया है।
उन्होंने कहा, “एथलीटों की संख्या की तुलना में उनकी गुणवत्ता अधिक महत्वपूर्ण है।”
पाडिला ने यह भी बताया कि इस बार सरकार की ओर से एथलीटों को अधिक वित्तीय सहायता नहीं मिल सकी और इस कारण ओलम्पिक समिति ने सुरक्षा और स्वास्थ्य संबंधी खर्चो के लिए अन्य क्षेत्रों से धन इकट्ठा किया।
इस संवाददाता सम्मेलन में मेक्सिको की राष्ट्रीय ध्वज वाहक साइकिलिस्ट डेनिएला काम्पुजानो भी शामिल रहीं।
dharmpath.com dharmpath