समूचे विश्व ने फ्रांस ट्रक हमले की निंदा की

वाशिंगटन, 15 जुलाई (आईएएनएस)। फ्रांस के नीस शहर में ट्रक से हुए आतंकवादी हमले को पूरे विश्व ने तगड़ा झटका और सदमा करार दिया। नीस में गुरुवार रात बासटिल डे (राष्ट्रीय दिवस) के जश्न के दौरान एक शख्स ने विस्फोटकों से लदे ट्रक को भीड़ में घुसा दिया, जिससे करीब 84 लोगों की मौत हो गई। यह नवंबर 2015 में फ्रांस की राजधानी पेरिस में हुए हमले का बाद दूसरी बड़ी आतंकवादी घटना है।

अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने एक बयान जारी कर कहा, “हम अपने सबसे पुराने सहयोगी फ्रांस के साथ एकजुटता से खड़े हैं, ताकि वह इस हमले का करारा जवाब दे और उससे उबर सके।”

अमेरिकी विदेश मंत्री जॉन केरी ने भी इस हमले की निंदा करते हुए कहा कि अमेरिका, फ्रांस को हर संभव सहयोग उपलब्ध कराएगा।

केरी ने कहा, “नीस में गुरुवार रात हुआ यह हमला स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के दिन का जश्न मना रहे निर्दोष लोगों के खिलाफ हुआ है। मैं गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं कि मैं पेरिस में बासटिल डे समारोह पर फ्रांस के नेताओं के साथ खड़ा हूं और अमेरिका भी इस त्रासदी के दौरान फ्रांसीसी लोगों के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा। हम उन्हें जरूरत के मुताबिक हर संभव सहयोग उपलब्ध कराएंगे।”

रिपब्लिकन पार्टी के संभावित राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रम्प ने ट्वीट किया, “एक और भयावह हमला, इस बार नीस में। कई लोगों की मौैत और कई घायल हो गए। हम कब सबक लेंगे? हालत बदतर होती जा रही है।”

ट्रम्प ने हमले के कारण उप राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार की घोषणा भी स्थगित कर दी।

डेमोक्रेटिक पार्टी की संभावित उम्मीदवार हिलेरी क्लिंटन ने कहा, “हर अमेरिकी फ्रांस के लोगों के साथ मजबूती और एकजुटता के साथ खड़ा है।”

उन्होंने कहा कि यह हमला “यूरोप में हमारे सबसे करीबी सहयोगियों में से एक पर किया गया।”

कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रुडो ने ट्वीट किया, “कनाडा आज राज नीस में हुए हमले से हैरान है। हमारी सहानुभूति पीड़ितों के साथ है, और हम एकजुटता से फ्रांस के लोगों के साथ खड़े हैं।”

संयुक्त राष्ट्र ने इस आतंकवादी हमले की निंदा कर इसे ‘बर्बरता और कायरता’ करार दिया।

भारत के राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी ने इस हमले की निंदा कर कहा कि वह नीस में हुए आतंकवादी हमले के बारे में सुनकर सदमे में हैं।

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस हमले की निंदा करते हुए कहा कि भारत दुख की इस घड़ी में फ्रांस के साथ है।

मोदी ने शुक्रवार सुबह ट्वीट कर कहा, “भारत फ्रांस के हमारे भाइयों और बहनों के दुख को साझा करता है और दुख की इस घड़ी में ²ढ़ता से उनके साथ खड़ा है।”

ब्राजील के राष्ट्रपति मिशेल टेमर ने ट्वीट किया, “भाईचारे के लिए यादगार इस दिन पर यह हमला अफसोस की बात है। इस हमले में इतने सारे नागरिकों के जीवन को नष्ट कर दिया।”

यूरोपीय आयोग के अध्यक्ष जीन-क्लाड जंकर ने कहा कि वह नीस में हुए इस घटना से परेशान और दुखी हैं।

रूस के प्रधानमंत्री दिमित्री मेदवेदेव और उनके लक्जमबर्ग के समकक्ष जेवियर बेटल ने मंगोलिया में आयोजित 11वीं एशिया-यूरोप मीटिंग (एएसईएम) के दौरान द्विपक्षीय बैठक में इस हमले की निंदा की।

नीस के साथ एकजुटता प्रदर्शित करने के लिए न्यूयॉर्क शहर और अमेरिका के टेक्सास के डलास की इमारतों को फ्रांस के झंडे के तीन रंगों लाल, नीले और सफेद से रोशन किया गया।

न्यूयॉर्क के गवर्नर एंड्रयू कुओमो ने कानून प्रवर्तन अधिकारियों को राज्य के चारों ओर के हाई प्रोफाइल इलाकों, हवाईअड्डों, पुलों, सुरंगों और जन परिवहन प्रणालियों की सुरक्षा बढ़ाने का निर्देश दिया।

चीन के प्रधानमंत्री ली केकियांग ने इस हमले के शिकार सभी लोगों के प्रति संवेदना और सभी रूपों में आतंकवाद की निंदा की।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493