साओ पाउलो (ब्राजील), 18 अगस्त (आईएएनएस)। ब्राजील की मेजबानी में चल रहे रियो ओलम्पिक के दौरान बुधवार को अरेना कोरिंथियंस स्टेडियम में जहां जर्मनी और नाइजीरिया की पुरुष फुटबाल टीमें फाइनल में प्रवेश करने के लिए मैदान पर जंग कर रही थीं, तो दूसरी ओर स्टेडियम के बाहर हजारों लोग विरोध-प्रदर्शन कर रहे थे।
समाचार एजेंसी एफे के अनुसार, बुधवार को हुए सेमीफाइनल मैच के दौरान बेघर कामगार आंदोलन (एमटीएसटी) संगठन के नेतृत्व में मौजूदा अंतरिम राष्ट्रपति मिशेल टेमर की सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन हुए।
आयोजकों के अनुसार, बुधवार को इटाक्वेरो स्टेडियम के बाहर 5,000 के तकरीबन प्रदर्शनकारी एकत्रित हुए थे और उन्होंने ‘टेमर बाहर जाओ’ के नारे लिखे तख्तियां ले रखी थीं।
यह विरोध प्रदर्शन हालांकि पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा और सुरक्षा बलों के नियंत्रण में हुआ।
एमटीएसटी के साओ पाउलो में समन्वयक जोसू रोचा ने बुधवार को कहा, “पूरी दुनिया की नजरें साउ पाउलो में चल रहे ओलम्पिक के सेमीफाइनल मैच पर थीं और हमने इस अवसर का उपयोग दो घटनाओं की तरफ ध्यान आकर्षित करने के लिए किया।”
उन्होंने कहा कि पहली घटना तो ओलम्पिक के कारण हुई आपदाएं हैं, जिनमें निर्वासन और जनता के पैसों का दुरुपयोग है तथा दूसरी देश में सत्ता पलट की चल रही कोशिशों की ओर हम ध्यान दिलाना चाहते थे।
ब्राजील की निलंबित राष्ट्रपति दिलमा रोसेफ का समर्थन करने वाले सामाजिक संगठनों का आरोप है कि यह आंदोलन टेमर की योजना का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य रोसेफ को महाभियोग के आरोप में फंसाकर स्थायी तौर पर सत्ता से अपदस्थ करना है।
उल्लेखनीय है कि रोसेफ महाभियोग का सामना कर रही हैं, जिस पर सुनवाई इसी महीने के आखिर में होनी है।
dharmpath.com dharmpath