रियो ओलम्पिक समापन समारोह में ध्वज वाहक होंगी साक्षी

रियो डी जनेरियो, 21 अगस्त (आईएएनएस)। ब्राजीलियाई महानगर रियो डी जनेरियो में बीते दो सप्ताह से चल रहे 31वें ओलम्पिक खेलों के रविवार को होने वाले समापन समारोह में कांस्य पदक विजेता साक्षी मलिक ध्वज वाहक होंगी।

रियो ओलम्पिक में देश के लिए बैडमिंटन में महिला एकल वर्ग का रजत पदक जीतने वाली पी. वी. सिंधु भारत के लिए निकल चुकी हैं।

रियो ओलम्पिक में इन्हीं दो खिलाड़ियों ने भारत के लिए पदक जीते हैं।

भारतीय ओलम्पिक दल के अध्यक्ष राकेश गुप्ता ने बताया, “साक्षी और सिंधु हमारी पदक विजेता खिलाड़ी हैं और दोनों ही खिलाड़ियों ने स्पर्धा के दौरान गजब के साहस और दृढ़ इच्छाशक्ति का परिचय दिया। साक्षी ने रियो में हमारे पदकों का खाता खोला तो सिंधु भारत के लिए ओलम्पिक रजत पदक जीतने वाली पहली महिला खिलाड़ी बनीं। वास्तव में सिंधु स्वर्ण जीतने के काफी करीब तक पहुंचीं। दोनों ही खिलाड़ी अभी युवा हैं और आगे भी कई ओलम्पिक खेलों में हिस्सा लेंगी और हमें उनसे और बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।”

भारतीय ओलम्पिक संघ (आईओए) के अध्यक्ष एन. रामचंद्रन ने रियो में खेल गांव जाकर दोनों पदक विजेताओं और उनके प्रशिक्षकों को बधाई दी।

रामचंद्रन ने कहा, “मैं सिंधु और उनके कोच गोपीचंद से मिला और साक्षी तथा उनके कोच कुलदीप से भी। उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया। रियो में पदक के नजदीक तक पहुंचने वाले अन्य खिलाड़ियों को भी मैंने बधाई दी, जिनमें अभिनव बिंद्रा, दीपा कर्माकर, सानिया मिर्जा और रोहन बोपन्ना शामिल हैं। वे पदक जीत सकते थे, लेकिन उनके लिए दिन अच्छा नहीं रहा।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493