रियो डी जनेरियो, 11 सितम्बर (आईएएनएस)। अंतर्राष्ट्रीय साइकिलिंग संघ (यूसीआई) के अध्यक्ष ब्रायन कुकसन ने कहा कि वह ब्राजीलियाई महानगर रियो डी जनेरियो में बीते महीने संपन्न हुए ओलम्पिक खेलों और इस समय जारी पैरालम्पिक खेलों के लिए तैयार साइकिलिंग ट्रैक से संतुष्ट हैं।
ब्रायन ने कहा कि ओलम्पिक से पहले कई बार ट्रैक के निर्माण में देरी हुई और इस कारण खेलों को रद्द करने का भी खतरा बना रहा।
यूसीआई अध्यक्ष ने समाचार एजेंसी सिन्हुआ के साथ शनिवार को पैरालम्पिक खेलों में साइकिलिंग स्पर्धा के दौरान एक साक्षात्कार में अन्य कई मुद्दों पर भी बातचीत की, जिसमें साइकिलिंग में चीन के उभार, रियो ओलम्पिक पर उनके विचार और खेलों में डोपिंग रोधी अभियान जैसे विषय शामिल रहे।
रियो ओलम्पिक के आयोजन से पहले ओलम्पिक वेलोड्रोम स्थल के निर्माण में सबसे अधिक देरी हुई और आयोजन से मात्र छह सप्ताह यह तैयार हो सका। ओलम्पिक खेलों के शुरू होने से पहले ब्रायन ने कई बार साइकिल ट्रैक के निर्माण में विलंब पर चिंता भी व्यक्त की थी।
ब्रायन ने कहा, “इसमें कोई राज नहीं है कि हम ओलम्पिक खेलों से पहले इस बारे में काफी चिंतित थे। इसके निर्माण में कठिन मेहनत करनी पड़ी। हालांकि, ब्राजील और रियो के लोगों ने आखिरकार अपना वादा निभाया।”
रियो ओलम्पिक में चीन की महिला साइकिलिंग टीम ने ओलम्पिक में चीन को साइकिलिंग स्पर्धा का पहला स्वर्ण पदक दिलाया। चीन के लिए गोंग जिनजी और झोंग तिआंशी की टीम ने यह खिताब जीता।
ब्रायन का कहना है कि चीन साइकिलिंग में जल्द ही सफल देश बन सकता है और आगे भी साइकिलिंग में चीन का उभार जारी रहेगा।
dharmpath.com dharmpath