रियो जा रहे खिलाड़ियों ने मोदी की सराहना की

नई दिल्ली, 4 जुलाई (आईएएनएस)। ब्राजील के शहर रियो डी जेनेरियो में अगले महीने शुरू हो रहे ओलम्पिक खेलों के लिए क्वालीफाई कर चुके भारतीय खिलाड़ियों ने यादगार विदाई समारोह के लिए सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर सराहना की।

रियो ओलम्पिक-2016 के लिए भारतीय ध्वज वाहक चुने गए अभिनव बिंद्रा सहित कई एथलीट ने प्रधानमंत्री का शुक्रिया अदा करने के लिए ट्विटर का उपयोग किया।

प्रधानमंत्री ने सोमवार को मानेकशॉ सेंटर में आयोजित एक समारोह में भारतीय ओलम्पिक दल से मुलाकात की और व्यक्तिगत तौर पर सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।

प्रधानमंत्री ने सभी खिलाड़ियों से हाथ मिलाया और उनके साथ सेल्फी के लिए पोज भी दिया।

भारत के लिए ओलम्पिक खेलों में एकमात्र व्यक्तिगत स्वर्ण पदक जीतने वाले बिंद्रा ने कहा, “ऐसा पहली बार हो रहा है कि ओलम्पिक खेलने जाने वाली टीम को प्रधानमंत्री ने विदाई दी हो। सम्मान देने का बेहतरीन अंदाज।”

लंदन ओलम्पिक-2012 में कांस्य पदक जीत चुके योगेश्वर दत्त ने भी प्रधानमंत्री को धन्यवाद दिया।

योगेश्वर ने ट्वीट किया, “प्रधानमंत्री द्वारा खिलाड़ियों को व्यक्तिगत तौर पर शुभकामना देने का यह अंदाज शानदार है।”

युवा मुक्केबाज शिवा थापा ने लिखा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलकर अच्छा लगा। उनसे मिले समर्थन के लिए उनका आभार..जय हिंद।”

विश्व चैम्पियनशिप में दो बार कांस्य पदक जीत चुकीं बैडमिंटन खिलाड़ी पी. वी. सिंधू ने ट्वीट किया, “प्रधानमंत्री से मिलना प्रेरित और प्रोत्साहित करने वाला रहा। उम्मीद है कि रियो में हम दो-तीन पदक जीत पाएंगे।”

समारोह में खेल मंत्री जितेंद्र सिंह, खेल सचिव राजीव यादव, अखिल भारतीय खेल परिषद (एआईसीएस) के अध्यक्ष विजय मल्होत्रा, भारतीय ओलम्पिक संघ (आईओए) के अध्यक्ष एन. रामचंद्रन, आईओए के महासचिव राजीव मेहता, हॉकी इंडिया (एचआई) के अध्यक्ष नरिंदर बत्रा और एचआई के महासचिव मोहम्मद मुश्ताक अहमद शामिल थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493