रियो डी जनेरियो, 16 सितम्बर (आईएएनएस)। भारतीय पैरा-एथलीट अमित कुमार सरोहा रियो पैरालम्पिक में शुक्रवार को पुरुषों की क्लब थ्रो स्पर्धा (एफ51) के फाइनल में चौथे स्थान पर रहे और पदक से चूक गए।
अमित ने दूसरे प्रयास में 26.63 मीटर की दूरी हासिल की और तीन-तीन प्रयास के पहले राउंड तक तीसरे स्थान पर चल रहे थे। वह कांस्य पदक विजेता स्लोवाकिया के मारियन कुरेजा (26.82 मीटर) से मात्र 0.19 मीटर पीछे रह गए।
कुरेजा पहले राउंड के तीन प्रयास में 26.35 मीटर की सर्वश्रेष्ठ दूरी हासिल कर सके थे, हालांकि दूसरे राउंड में उन्होंने अमित को पछाड़ दिया। वहीं अमित दूसरे राउंड के तीन प्रयासों में कोई सुधार नहीं कर सके।
सर्बिया के जेलिज्को दिमित्रिजेविक ने 29.96 मीटर की सर्वश्रेष्ठ दूरी के साथ नया विश्व कीर्तिमान रचा और स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। वहीं सर्बिया के ही मिलॉस मिटिक ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया।
स्पर्धा में हिस्सा लेने वाले एक अन्य भारतीय प्रतिभागी धर्मबीर (21.39 मीटर) तीन प्रयास तक ही बढ़ सके और सबसे निचले पायदान पर रहे।
dharmpath.com dharmpath