रूसी खिलाड़ियों ने किया डोपिंग के दावों की जांच का अनुरोध

मास्को, 16 सितम्बर (आईएएनएस)। रूस के साइकिलिंग रेसरों ने अंतर्राष्ट्रीय ओलम्पिक समिति (आईओसी), विश्व डोपिंग रोधी एजेंसी (वाडा) और अंतर्राष्ट्रीय साइकिलिंग संघ (यूसीआई) से मास्को डोपिंग रोधी केंद्र के मुखिया ग्रिगोरी रॉदचेंकोव द्वारा किए गए डोपिंग के दावों की जांच के लिए स्वतंत्र अंतर्राष्ट्रीय समिति के गठन की मांग की है।

समाचार एजेंसी तास के मुताबिक, रॉदचेंकोव ने वाडा की रिपोर्ट में रूस के खिलाड़ियों पर आरोप लगाए थे जिसके बाद रूस के खिलाड़ियों को रियो ओलम्पिक में हिस्सा लेने से प्रतिबंधित कर दिया गया था।

इसी आधार पर रूस पर ब्राजील में जारी रियो पैरालम्पिक खेलों में हिस्सा लेने से पूर्णत: प्रतिबंधित कर दिया गया। रिपोर्ट में कहा गया था कि रूस में सरकार प्रायोजित डोपिंग कार्यक्रम चलाए गए।

खिलाड़ियों का प्रतिनिधत्व करने वाले वकील अर्टयोम पाटसेव ने गुरुवार को फेसबुक पर लिखा, “हमारे साइकिल रेसरों ने आईओसी, वाडा और यूसीआई को एक पत्र भेजकर रिचर्ड मैक्लारेन द्वारा पेश की गई रिपोर्ट में रॉदचेंकोव के दावों की जांच के लिए अंतर्राष्ट्रीय समिति के गठन की मांग की है और साथ ही कहा है कि अगर अधिकारियों को रॉदचेंकोव के दावों का आधार नहीं मिलता है तो उन्हें रिपोर्ट से हटा दिया जाए।”

यूसीआई ने रूस के साइकिल चालक किरिल स्वेशनिकोव, दिमित्रि स्ट्राकोव और दिमित्रि सोकोलोव को रियो ओलम्पिक-2016 में हिस्सा लेने से प्रतिबंधित कर दिया था क्योंकि उनका नाम वाडा की रिपोर्ट में था।

वाडा ने अपनी रिपोर्ट में रॉदचेंकोव के दावों का अपनी जांच के आधार पर आंशिक उपयोग किया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493