रियो डी जनेरियो, 10 सितम्बर (आईएएनएस)। ब्राजीलियाई महानगर रियो डी जनेरियो में जारी पैरालम्पिक खेलों में पुरुषों की ऊंची कूद टी-42 स्पर्धा में भारतीय एथलीट मारियप्पन थांगावेलू ने स्वर्ण पदक जीत इतिहास रचा है।
इसी स्पर्धा में वरुण सिंह भाटी ने कांस्य के रूप में देश के लिए एक और पदक जीता है।
थांगावेलू ने 1.89 मीटर की कूद के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया, वहीं भाटी ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 1.86 मीटर की कूद लगाई और तीसरा स्थान हासिल किया।
अमेरिका के सैम ग्रेवे ने इस स्पर्धा में रजत पदक जीता। इस स्पर्धा में 12 में से छह एथलीटों के बीच कड़ी टक्कर देखी गई। हालांकि, थांगावेलू ने भाटी के साथ मिलकर बढ़त हासिल की।
स्पर्धा में हिस्सा लेने वाले एक अन्य भारतीय एथलीट शरद कुमार ने भी अच्छा प्रयास किया। शरद ने 1.83 मीटर के लिए तीन प्रयास किए, लेकिन असफल रहे। हालांकि 1.77 मीटर सर्वश्रेष्ठ कूद के साथ वह छठे स्थान पर रहे। गौरतलब है कि चौथे, पांचवें और छठे स्थान पर रहे तीनों खिलाड़ियों का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 1.77 मीटर ही रहा।
अमेरिका के ग्रेवे ने भी बेहतरीन प्रदर्शन किया और अपना सर्वश्रेष्ठ करते हुए रजत पदक जीता।
भारतीय खिलाड़ियों के दमदार प्रदर्शन को सराहते हुए राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने बधाई दी।
थांगावेलू को भेजे बधाई संदेश में राष्ट्रपति ने कहा, “रियो पैरालम्पिक खेलों-2016 में पुरुषों की ऊंची कूद प्रतिस्पर्धा में प्रथम स्वर्ण पदक विजेता बनने पर हार्दिक बधाइयां।”
राष्ट्रपति ने आगे लिखा है, “आपकी उपलब्धियां सभी भारतीय खिलाड़ियों के बीच विश्वास का संचार करेंगी कि वे भी अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर किसी भी खेल में सर्वोच्च स्तर पर पहुंच सकते हैं। विशेष रूप से हमारे देश के दिव्यांग व्यक्तियों के लिए यह प्रेरणा और गर्व की बात होगी।”
वरुण भाटी को भेजे अपने दूसरे बधाई संदेश में राष्ट्रपति ने कहा, “मुझे यह जानकर प्रसन्नता हुई कि आपने (वरुण) रियो पैरालम्पिक खेलों के पुरुषों की ऊंची कूद टी-42 स्पर्धा में कांस्य पदक जीता है।”
राष्ट्रपति ने आगे लिखा है, “आपकी सफलता हम सभी भारतीयों के लिए बेहद गौरव की बात है। यह हमारे देश के सभी खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्त्रोत साबित होगा। मैं आपको बधाई देता हूं और भविष्य के लिए शुभकामनाएं व्यक्त करता हूं।”
वहीं प्रधानमंत्री मोदी ने अपने ट्वीट में कहा, “भारत खुश है। रियो पैरालम्पिक में थांगावेलू को स्वर्ण जीतने और भाटी को कांस्य पदक जीतने पर बधाई।”
थांगावेलू की जीत को बेहतरीन बताते हुए सोनिया ने कहा, “एक नया इतिहास रचा गया है। इन एथलीटों का बेहतरीन और अद्वितीय प्रदर्शन आने वाली पीढ़ी को प्रेरित करेगा।”
dharmpath.com dharmpath