आप विधायक अमानतुल्ला खान का सभी सरकारी पदों से इस्तीफा

नई दिल्ली, 10 सितम्बर (आईएएनएस)। आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक अमानतुल्ला खान ने शनिवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को पत्र लिखा और सभी सरकारी पदों से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने कहा कि वह अपने खिलाफ लगे विभिन्न आरोपों पर स्पष्टीकरण देते-देते थक चुके हैं।

मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में खान ने लिखा है कि जिस दिन से वह चुने गए हैं, उसी दिन से उन्होंने दिल्ली की जनता की पूरी निष्ठा से सेवा की है।

इसमें आगे लिखा है, “मैंने पिछली सरकार के भ्रष्टाचार के कई मामलों का खुलासा किया। इसके बाद मैं दिल्ली वक्फ बोर्ड का अध्यक्ष बना। लेकिन कुछ लोगों को मेरी ईमानदारी और सेवा का भाव पसंद नहीं है। इसकी वजह से वे मुझे और मेरे परिवार को फर्जी मामलों में फंसा रहे हैं।”

खान ने लिखा है, “मैं विभिन्न आरोपों का स्पष्टीकरण देते-देते थक गया हूं..मैं सभी जिम्मेदारियों से मुक्त होना चाहूंगा..मैं सभी पदों से इस्तीफा देता हूं।”

खान को दिल्ली वक्फ बोर्ड का मार्च में ही अध्यक्ष बनाया गया था। हाल ही में खान पर वक्फ बोर्ड में नियुक्ति घोटाला करने का आरोप लगा, जिसमें भ्रष्टाचार निरोधक शाखा ने उनके खिलाफ प्रारंभिक जांच (पीई) शुरू की थी।

हालांकि खान ने दावा किया था कि उनके खिलाफ लगे आरोप निराधार हैं।

ओखला से आप के विधायक खान ने इससे पहले की सरकार द्वारा अवैध रूप से वक्फ बोर्ड की भूमि दिल्ली विकास प्राधिकरण को देने का मुद्दा पिछले माह दिल्ली विधानसभा में उठाया था।

खान को गत 24 जुलाई को एक महिला को धमकी देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। बाद में 28 जुलाई को उन्हें जमानत पर रिहा किया गया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493