रियो डी जेनेरियो, 5 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय ओलम्पिक संघ (आईओए) ने शुक्रवार को रियो ओलम्पिक में पदक जीत कर आने वाले खिलाड़ियों को इनाम देने की घोषणा की।
आईओए ने कहा है कि वह रियो ओलम्पिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ी को 50 लाख रुपये, रजत पदक जीतने वाले खिलाड़ी को 30 लाख और कांस्य पदक जीतने वाले खिलाड़ी को 20 लाख रुपये इनाम के तौर पर देगी।
ऐसा पहली बार है कि आईओए ने ओलम्पिक खेलों के लिए इनाम की घोषणा की हो। खिलाड़ियों के अलावा पदक विजेता के कोच को उसकी आधी कीमत इनाम स्वरूप दी जाएगी।
इसका मतलब स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ी के कोच को 25 लाख रुपये, रजत पदक जीतने वाले खिलाड़ी के कोच को 15 लाख रुपये और कांस्य पदक जीतने वाले खिलाड़ी के कोच को 10 लाख रुपये इनाम के तौर पर दिए जाएंगे।
यह इनाम राज्य सरकारों और केंद्र सरकार द्वारा दिए जाने वाले इनाम से अलग होगा।
शुक्रवार दोपहर यहां आईओए के शीर्ष अधिकारियों की बैठक के बाद इसकी घोषणा की गई।
इस बैठक में आईओए के अघ्यक्ष एन.रामचंद्रन, आईओए के सचिव राजीव मेहता, भारतीय ओलम्पिक दल के अध्यक्ष राकेश गुप्ता और उपाध्यक्ष आनंदेश्वर पांडे मौजूद थे।
बैठक के बाद रामचंद्रन ने कहा, “इससे खिलाड़ियों को अतिरिक्त सहायता मिलेगी और हमारी उम्मीद अभी तक सबसे ज्यादा पदक जीतने की है।”
गुप्ता ने कहा, “खिलाड़ियों को यह बात अपने जहन में रखनी होगी कि वह यहां देश के राजदूत हैं और सभी की निगाहें उन्हीं पर हैं। हम उनसे उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन चाहते हैं और उनकी मदद करने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।”
लगभग 70 भारतीय खिलाड़ी और 24 भारतीय अधिकारी रियो ओलम्पिक-2016 के उद्घाटन समारोह में हिस्सा लेंगे।
जिन खेलों की स्पर्धा और अभ्यास सत्र समारोह के दौरान हैं उन्हें इसमें शामिल ने होने की छूट दी गई है।
dharmpath.com dharmpath