कोलकाता, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली का मानना है कि बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान को रियो ओलम्पिक के लिए भारत का सद्भावना दूत नियुक्त किए जाने से इस आयोजन के ग्लेमर और दृश्यता में वृद्धि होगी।
गांगुली ने एक कार्यक्रम में गुरुवार को कहा, “मुझे सलमान की नियुक्ति पर कोई शिकायत नहीं। वह किसी भी आयोजन के ग्लेमर और दृश्यता में वृद्धि कर सकते हैं।”
गांगुली ने हालांकि यह भी कहा कि सलमान के अलावा कई अन्य लोगों को ओलम्पिक में भारत का सद्भावना दूत बनाया जा सकता है।
बकौल गांगुली, “सलमान लोकप्रिय हैं और वह रियो ओलम्पिक की दृश्यता में इजाफा करेंगे। इससे आप इंकार नहीं कर सकते। वह मनोरंजक हैं। उन्हें सद्भावना दूत के रूप में देखने से किसी को परेशानी नहीं होनी चाहिए। मेरी नजर में सलमान के अलावा कुछ और लोगों को सद्भावना दूत के रूप में पेश किया जाना चाहिए। ऐसा कहीं नहीं लिखा है कि किसी आयोजन के लिए एक ही सद्भावना दूत हो सकता है।”
गांगुली ने कहा कि सलमान के साथ-साथ ऐसे एथलीटों को सद्वभावना दूत बनाया जा सकता है, जिन्होंने देश का मान बढ़ाया है। गांगुली बोले, “आज के खेल आयोजन इंटरटेनमेंट और खेल का मिश्रण हैं। ऐसे में देश का मान बढ़ाने वाले लोगों को भी सलमान के साथ काम करने देना चाहिए। इससे किसी भी आयोजन को फायदा ही होगा।”
dharmpath.com dharmpath