पटना, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार सरकार ने राज्य के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों का महंगाई भत्ता (डीए) छह फीसदी बढ़ा दिया है। बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता एक जनवरी, 2016 से लागू होगा। यह फैसला गुरुवार को हुई राज्य मंत्रिमंडल (कैबिनेट) की बैठक में लिया गया।
मंत्रिमंडल सचिवालय के एक अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में राज्य के कर्मचारियों का छह फीसदी महंगाई भत्ता बढ़ाने को स्वीकृति दी गई।
इसके साथ ही राज्य के कर्मचारियों को अब 125 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलेगा। उल्लेखनीय है कि इससे पहले वित्त विभाग ने राज्य कर्मचारियों को 1 जुलाई 2015 से कुल 119 प्रतिशत पुनरीक्षित महंगाई भत्ते की मंजूरी दी थी।
राज्य सरकार के वे कर्मचारी जो पेंशन भोगी हैं, उन्हें भी इसका लाभ मिलेगा। कैबिनेट का यह फैसला एक जनवरी, 2016 से लागू होगा।
अधिकारी ने बताया कि इस बैठक में कुल 11 प्रस्तावों की स्वीकृति दी गई।
dharmpath.com dharmpath