जयपुर, 20 नवम्बर (आईएएनएस)। केन्द्रीय उद्योग एवं वाणिज्य राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) निर्मला सीतारमण ने शुक्रवार को यहां कहा कि राजस्थान को विकास की नई ऊंचाइयां देने के लिए आयोजित रिसर्जेट राजस्थान पार्टनरशिप समिट की सफलता की गूंज पूरे देश में सुनाई दे रही है।
निर्मला ने राजस्थान में नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डिजाइन का सैटेलाइट केंद्र शुरू करने की घोषणा की।
केंद्रीय मंत्री शुक्रवार को सीतापुरा स्थित जयपुर एक्जीविशन एंड कन्वेंशन सेंटर (जेईसीसी) में आयोजित दो दिवसीय रिसर्जेट राजस्थान पार्टनरशिप समिट के समापन सत्र को सम्बोधित कर रही थीं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और उनकी टीम राजस्थान के अथक प्रयासों एवं राज्य में किए गए सुधारों के फलस्वरूप प्रदेश व्यापार करने की आसानी के मामले में छठे स्थान पर आ गया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश में औद्योगिक विकास के सार्थक प्रयासों को और गति मिलेगी तथा राजस्थान देश के अव्वल प्रदेशों में शामिल होगा।
सीतारमण ने कहा कि भारत की छवि में सुधार हुआ है, जिससे देश में विदेशों से बड़े निवेश आने की संभावनाएं बढ़ गई हैं।
उन्होंने कहा, “यूरोपीय देशों एवं चीन की जीडीपी भारत से कहीं अधिक है फिर भी वे जीडीपी में वृद्घि के लिए प्रतिस्पद्र्घी प्रयास कर रहे हैं। भारत भी इस दिशा में पीछे नहीं है। विश्व बैंक तथा आईएमएफ भारत में 7.5 से 7.8 विकास दर की उम्मीद कर रहे हैं।”
केन्द्रीय मंत्री ने कहा, “देश में अवसंरचना क्षेत्र में निवेश बढ़ाया जा रहा है। इससे सीमेंट व लोहा उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा साथ ही रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। भारत के विकास में राजस्थान की विशेष भूमिका है। मेक इन राजस्थान के बिना मेक इन इण्डिया की कल्पना अधूरी है।”
सीआईआई के महानिदेशक चन्द्रजीत बनर्जी ने कहा, “रिसर्जेण्ट राजस्थान के आयोजन में देश के साथ विदेशों से प्रमुख औद्योगिक घरानों एवं निवेशकों ने रुचि लेते हुए उत्साह के साथ भाग लिया है। आने वाले समय में प्रदेश को इसका लाभ मिलेगा।”
उन्होंने कहा कि राजस्थान चुनौतियां स्वीकार करते हुए बहुत तेज गति से आगे बढ़ रहा है।
dharmpath.com dharmpath