जयपुर, 20 नवंबर (आईएएनएस)। राज्य में आर्थिक निवेश को बढ़ावा देने के लिए राजस्थान रिसर्जेट पार्टनरशिप समिट के अंतर्गत 3.21 लाख करोड़ रुपये के एमओयू पर हस्ताक्षर हुए हैं।
राज्य के उद्योग मंत्री गजेन्द्रसिंह खींवसर ने दो दिवसीय पार्टनरशिप समिट की शानदार सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए शुक्रवार को कहा, “कृषि क्षेत्र में 2,402 करोड़ रुपये के कुल 10 एमओयू हुए, जिनके तहत लगने वाले उद्यमों में 5,317 लोगों को रोजगार मिलेगा। इसी प्रकार शिक्षा के क्षेत्र में 1,807 करोड़ रुपये के कुल आठ एमओयू हुए, जिनके तहत लगने वाले उद्यमों में लगभग 12,010 लोगों को रोजगार उपलब्ध हो सकेगा।”
उन्होंने कहा, “ऊर्जा क्षेत्र में 1,90,000 करोड़ रुपये के कुल नौ एमओयू हुए। अवसंरचना के क्षेत्र में 17,038 करोड़ रुपये के कुल 35 एमओयू हुए, जिनसे लगभग 46,975 लोगों को रोजगार उपलब्ध हो सकेगा। विनिर्माण क्षेत्र में 11,760 करोड़ रुपये के कुल 40 एमओयू हुए, जिनके तहत लगने वाले उद्यमों में लगभग 56,698 लोगों को रोजगार उपलब्ध हो सकेगा। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में 4,752 करोड़ रुपये के कुल 36 एमओयू हुए, जिनसे लगभग 81,605 लोगों को रोजगार मिलेगा।”
खींवसर ने कहा, “पेट्रोलियम और खान के क्षेत्र में 77,657 करोड़ रुपये के कुल 25 एमओयू हुए, जिनसे लगभग 18,472 लोगों को रोजगार उपलब्ध हो सकेगा। सड़क एवं राजमार्ग के क्षेत्र में 35,446 करोड़ रुपये के कुल पांच एमओयू हुए।”
मंद्धी ने कहा कि कौशल विकास के क्षेत्र में कुल नौ एमओयू हुए तथा पर्यटन के क्षेत्र में 5,783 करोड़ रुपये के कुल 122 एमओयू हुए, जिनके तहत लगने वाले उद्यमों में लगभग 18,617 लोगों को रोजगार उपलब्ध हो सकेगा।
इस प्रकार कुल 3,21,199 करोड़ रुपये के 295 एमओयू हुए, जिनके अंतर्गत लगने वाले उद्यमों में 2,39,694 लोगों को रोजगार मिलेगा।
dharmpath.com dharmpath