रीवा, 7 जुलाई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के रीवा जिले में पूर्वा फॉल में बहे पांच सैलानियों की खोज जारी है। पानी का बहाव तेज होने के कारण अब तक उनका पता नहीं चल पाया है। राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हादसे पर दुख जताया है।
ज्ञात हो कि सेमरिया थाना क्षेत्र में पड़ने वाली टमस नदी पर सैलानी पिकनिक मनाने गए थे। तभी बकिया बांध से छोड़े गए पानी से टमस नदी में बहुत पानी आ गया और पांच सैलानी बहते हुए पूर्वा फॉल से नीचे गिर गए थे। तभी से पांचों लापता हैं। उनकी खोज की जा रही है, पर पानी का प्रवाह तेज होने के कारण राहत व बचाव कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
अनुविभागीय अधिकारी, राजस्व (एसडीएम) धर्मेद्र मिश्रा ने गुरुवार को संवाददाताओं को बताया कि बुधवार को सेमरिया के पूर्वा फॉल में बहे पांच सैलानियों की खोज के लिए अभियान चलाया जा रहा है। उनका अब तक कोई पता नहीं चल पाया है, क्योंकि पानी का बहाव बहुत तेज है।
मुख्यमंत्री चौहान ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने रीवा के प्रशासनिक अधिकारियों से बात कर आवश्यक कदम उठाने को कहा है।
dharmpath.com dharmpath