रीवा में मंदिर के पास गुब्बारे में गैस भरने वाला सिलेंडर फटा, 6 घायल

रीवा, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के रीवा जिले में रानी तालाब मंदिर के करीब गुब्बारे में गैस भरने वाले सिलेंडर में शुक्रवार की सुबह विस्फोट हो गया। इस विस्फोट में छह लोग घायल हो गए। वहीं, इस धमाके से मंदिर में अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार सुबह रानी तालाब मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। इसी दौरान मंदिर के नजदीक ही गुब्बारे में गैस भरने वाले सिलेंडर में अचानक विस्फोट हो गया। इस विस्फोट की जद में आने से छह लोग घायल हो गए। इनमें से तीन की हालत गंभीर है।

विस्फोट की आवाज से मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं में भगदड़ मच गई। इसके बाद मौके पर पहुंचे पुलिस बल ने हालात को संभाला।

जिलाधिकारी राहुल जैन ने आईएएनएस को बताया कि सिलेंडर फटने से छह लोग घायल हुए हैं। इनमें से तीन की हालत गंभीर है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गंभीर रूप से घायल हुए लोगों को 50-50 हजार रुपये और सामान्य रूप से घायल हुए लोगों को 25-25 हजार रुपये की सहायता राशि देने का ऐलान किया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493