नई दिल्ली, 15 अप्रैल (आईएएनएस)। भारत यदि शीर्ष वैश्विक अर्थव्यवस्था बनना चाहता है तो रुपये की पूर्ण पूंजी खाता परिवर्तनीयता आवश्यक है। यह बात बुधवार को केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री जयंत सिन्हा ने कही।
उन्होंने यहां नई पेंशन प्रणाली पर आयोजित एक कार्यक्रम से अलग कहा, “भारत यदि विश्व की अग्रणी अर्थव्यवस्था बनना चाहता है, तो काफी कुछ करने की जरूरत है। हमें अपने पूंजी बाजार को अधिक व्यापक और गहरा बनाना होगा। उसके लिए पूंजी खाता परिवर्तनीयता जरूरी है।”
भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर रघुराम राजन ने शुक्रवार को कहा था कि कुछ सालों में रुपया पूर्ण परिवर्तनीय बन सकता है।
पुणे में गोखले इंस्टीट्यूट ऑफ पॉलिटिक्स एंड इकॉनॉमिक्स के एक सम्मेलन में उन्होंने कहा था, “कुछ ही सालों में हमें पूर्ण पूंजी खाता परिवर्तनीयता हासिल होने की उम्मीद है।”
अभी हालांकि रुपये की चालू खाता परिवर्तनीयता की सुविधा है, लेकिन पूंजी खाता परिवर्तनीयता नहीं है।
dharmpath.com dharmpath