पटना, 15 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने जनता परिवार के विलय को ‘बीरबल की खिचड़ी’ बताते हुए कहा कि पिछले छह महीने की कवायद के बाद भी अब तक नाम तय नहीं हो पाया है।
पटना में बुधवार को मोदी ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि जनता परिवार का विलय बीरबल की खिचड़ी बन गई है। पिछले छह महीने की कवायद के बावजूद न नाम तय हो पाया है, न झंडा और न ही चुनाव चिह्न् ही तय हो सका।
उन्होंने कहा, “महाविलय की खिचड़ी पकने का नाम ही नहीं ले रही है। महाविलय की कोशिश में लगे नेता ‘एको अहम्, दूजो नास्ति’ की तर्ज पर अपनी-अपनी पार्टी के सुप्रीमो हैं तथा अब तक अपनी पार्टी को प्राइवेट लिमिटेड बना रखा है। अब इसे पब्लिक लिमिटेड बनाने में परेशानी हो रही है।”
उन्होंने कहा कि नाम बदलने से पहचान नहीं बदल जाएगी और पाप नहंीं धुल जाएगा। उन्होंने दावा किया कि आगमी विधानसभा चुनाव में इन्हें मुंह की खानी पड़ेगी।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और बिहार में सतारूढ़ जनता दल (युनाइटेड) सहित छह राजनीतिक दलों ने दिल्ली में बुधवार को जनता परिवार के नाम से विलय की घोषणा की और इस गठजोड़ का अध्यक्ष समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता मुलायम सिंह यादव को बनाए जाने की घोषणा की गई।
dharmpath.com dharmpath