शारजाह, 15 अप्रैल (आईएएनएस)। संयुक्त अरब अमीरात की कंपनी गल्फ पेट्रोलियम ने बुधवार को कहा कि उसने बंबई स्टॉक एक्सचेंज में सूचीबद्ध लुब्रिकैंट कंपनी साह पेट्रोलियम्स का नाम बदलकर जीपी पेट्रोलियम्स लिमिटेड कर दिया है।
गल्फ पेट्रोलियम ने साह पेट्रोलियम्स का अधिग्रहण हाल ही में किया था। पहले अधिग्रहण और अब नाम परिवर्तन से साह पेट्रोलियम्स के उत्पाद को अंतर्राष्ट्रीय बाजार मिल गया है।
गल्फ पेट्रोलियम समूह के प्रबंध निदेशक सुधीर गोयल ने यहां एक बयान में कहा, “भारतीय बाजार हमारे लिए बड़े महत्व का है और जीपी पेट्रोलियम्स लिमिटेड हमें इस विकासशील अर्थव्यवस्था में पांव जमाने में मदद करेगी।”
गल्फ पेट्रोलियम ने जुलाई 2014 में 60 करोड़ रुपये में जीपी पेट्रोलियम्स में 72.23 फीसदी हिस्सेदारी खरीदी थी। इसके बाद अक्टूबर में कंपनी में 26 फीसदी अतिरिक्त हिस्सेदारी के लिए उसने ओपेन ऑफर जारी किया था।
जीपी पेट्रोलियम्स लिमिटेड देश की प्रमुख लुब्रिकैंट कंपनी है। वह भारत और विदेश में आईपीओएल ब्रांड के उत्पाद बेचती है।
बयान में कहा गया है कि इस अधिग्रहण से गल्फ पेट्रोलियम के उत्पादों की श्रंखला मजबूत होगी।
dharmpath.com dharmpath