म्मास्को, 1 सितम्बर (आईएएनएस)। रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने शुक्रवार को कहा कि मास्को अमेरिका की ओर से उठाए गए शत्रुतापूर्ण कदम का कठोर जवाब देगा। अमेरिका ने सैन फ्रांसिस्को में रूस के वाणिज्यिक दूतावास और न्यूयार्क में वाणिज्यिक दूतावास उपभवन को बंद करने के आदेश दिए हैं।
मास्को के एमजीआईएमओ अंतर्राष्ट्रीय संबंध विश्वविद्यालय में छात्रों को संबोधित करते हुए लावरोव ने कहा, “हम ऐसी चीजों का बहुत ही कड़ाई से जवाब देंगे जो बिना किसी कारण के है और यह अमेरिका के साथ हमारे रिश्तों को खराब करने के उद्देश्य से किया गया है।”
तास संवाद समिति ने लावरोव के हवाले से बताया, “जैसे ही इस संबंध में मूल्यांकन समाप्त हो जाएगा हम प्रतिक्रिया देंगे।”
लावरोव ने कहा, “मैं इस ओर ध्यान दिलाना चाहता हूं कि यह हम नहीं थे बल्कि बाराक ओबामा ने प्रतिबंधों की शुरुआत की थी। उन्होंने रूस-अमेरिका संबंधों में दरार डाली और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के रचनात्मक प्रस्तावों को आगे बढ़ाने से रोका।”
लावरोव ने कहा कि उन्हें आज अमेरिका की ओर से लगाए गए प्रतिबंध संबंधी जानकारी मिली और इस पर अभी मूल्यांकन किया जाना बाकी है। उन्होंने हालांकि यह नहीं बताया कि मास्को अब किस तरह का कदम उठाएगा।
उल्लेखनीय है कि वाशिंगटन ने यह कदम मास्को के उस निर्णय के बाद उठाया है जिसमें मास्को ने अमेरिका में रूसी कर्मचारियों की बराबरी के लिए रूस में अमेरिकी राजनयिकों की संख्या में कमी की है और मास्को में दो अमेरिकी संपत्तियां जब्त कर ली है।
dharmpath.com dharmpath